Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): देशभर में मानसून सक्रिय हो गया है, जिससे कई राज्यों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने 28 जुलाई के लिए भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के लिए अलर्ट जारी किया गया है। 28 से 30 जुलाई के दौरान उत्तराखंड, 28 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, 29 को हिमाचल प्रदेश और 30 को जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है।
30 जुलाई तक कोंकण, गोवा, गुजरात, और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है, जबकि 28 जुलाई को इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश भी संभव है। 28 से 31 जुलाई के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत में अगले 5 दिनों तक तेज हवाएं (40–50 किमी/घंटा) चल सकती हैं और अगले 7 दिनों तक केरल, माहे, लक्षद्वीप, कर्नाटक, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम व तेलंगाना में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
दिल्ली में कल का मौसम
राजधानी में कल यानी सोमवार को मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज के साथ हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिलहाल 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज की गई है। लक्ष्मी नगर, रोहिणी, मदर डेयरी, नरेला, पीतमपुरा, मुंडका, पंजाबी बाग और पश्चिम विहार सहित कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में कल के मौसम का हाल
28 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, हापुड़, रामपुर, बुलंदशहर, बरेली, पीलीभीत, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, झांसी, हमीरपुर, जालौन, सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
बिहार में कल का मौसम कैसा रहेगा
बिहार के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक पटना, पश्चिम चंपारण, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, सारण, सिवान, बेगूसराय, नालंदा, खगड़िया, मधेपुरा, जहानाबाद, लखीसराय और मुंगेर में कल मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान में कल का मौसम
राजस्थान में इन दिनों भारी जलभराव से परेशान है। मौसम विभाग के मुताबिक, कल 28 जुलाई को जयपुर, अजमेर, श्रीगंगानगर, जोधपुर, बीकानेर, चुरू, पाली, नागौर, सीकर, सिरोही, जालौर, भिलवाड़ा और राजसमंद में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश के गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कल 28 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट है जबकि विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, मंदसौर, नीमच और छिंदवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का मौसम
पहाड़ी इलाकों की बात करें तो उत्तराखंड के चंपावत, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जबकि टिहरी, देहरादून, पौड़ी और पिथौरागढ़ में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, हमीरपुर, मंडी, सिरमौर और किन्नौर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
29 जुलाई का मौसम
29 जुलाई के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग का कहना है कि इस दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। गरज और बिजली के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री कम तथा अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री कम रहने की संभावना है। सतही हवाएं सुबह के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से लगभग 15 किमी प्रति घंटे की गति से चलेंगी, जो दोपहर में बढ़कर 25 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। शाम या रात में यह गति घटकर 18 किमी प्रति घंटे से कम हो सकती है।
30 जुलाई को मौसम कैसा रहेगा
IMD की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, 30 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री कम और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री कम रहने की संभावना है। सतही हवाएं सुबह के समय पूर्व दिशा से लगभग 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, जो दोपहर में घटकर दक्षिण-पूर्व दिशा से 20 किमी प्रति घंटे तथा शाम या रात में 18 किमी प्रति घंटे से कम हो सकती हैं।
