शहर

आज का मौसम : 24 घंटे होगी आफत की बरसात! 50 KM की रफ्तार से आएगा तूफान; IMD ने वज्रपात से किया सावधान

Aaj Ka Mausam, 27 सितंबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना है। आईएमडी ने शनिवार-रविवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादलों के बरसने के संकेत दिए हैं। उधर, महाराष्ट्र और गुजरात में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

Image

कल का मौसम

आज का मौसम कैसा रहेगा 27 सितंबर 2025 : देश के विभिन्न राज्यों से मानसूनी बारिश का दौर लगभग खत्म होने वाला है, लेकिन नए वेदर सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से बारिश का दौर देखने को मिलता रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, सितंबर के आखिरी तारीख और अक्टूबर की शुरुआत तक मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। अगले 2 से 3 दिन तक उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और झारखंड के कुछ हिस्सों में बादलों की गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। आईएमडी की मानें तो वीकेंड तक यानी शनिवार-रविवार को पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान केरल, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, लक्ष्यद्वीप, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश के संकेत मिल रहे हैं। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बनने के कारण पश्चिम बंगाल, मराठवाड़ा, महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण और सिक्किम में आंधी-तूफान के साथ बादल जमकर बरसेंगे, जिससे संबंधित राज्यों का तापमान बेहद कम रहेगा। उधर, पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले हिस्सों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली26°C34°C
जयपुर26°C34°C
भोपाल24°C32°C
मुंबई27°C29°C
लखनऊ28°C36°C
पटना28°C35°C
देहरादून20°C31°C
शिमला14°C26°C
कश्मीर9°C21°C
चेन्नई27°C33°C
बेंगलुरु21°C26°C

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में मानसून की वापसी के बावजूद मौसमी गतिविधियां होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे थोड़ा मौसम सुहावना हो सकता है। इस दौरान 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं बहेंगी। फिलहाल, न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे दिन काफी गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि, रात्रि में मौसम नर्म है, जिससे राहत है।

दिल्ली में प्रदूषण

दिल्ली में प्रदूषण को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। अक्टूबर माह के दौरान वायु गुणवत्ता पर खासा असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, अभी राहत है। सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 114 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

यूपी कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में अगले 60 घंटे में एक बार फिर मानसून की वापसी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, नए मौसमी सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अभी मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं। आईएमडी की मानें तो 27 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही रह सकती है। इस दौरान गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि, ज्यादातर जिलों में मौसम के शुष्क रहने के संकेत हैं, जिससे दिन में धूप परेशान करेगी और लोगों को गर्मी का एहसास होगा, जबकि रात में न्यूनतम तापमान में कमी आएगी, जिससे राहत रहेगी।

हिमाचल-उत्तराखंड का मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 सितंबर तक वापसी के संकेत हैं। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों, जिनमें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड आते हैं, वहां से मानसून वापस हो जाएगा। हालांकि, अगले 4 से 5 दिन तक बादलों की आवाजाही और सूरज की लुकाछिपी का दौर जारी रहेगा। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इससे रात्रि का तापमान गिरेगा और लोगों को ठंड का एहसास होगा। हिमाचल प्रदेश में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे सुबह शाम ठंडक बढ़ेगी।

बिहार का मौसम कैसा रहेगा

बिहार में मौसम उतार चढ़ाव से गुजर रहा है। आधे राज्य में मौसमी गतिविधियां हो रही हैं तो आधे में शुष्क मौसम देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने 27 सितंबर को राज्य के 13 जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 19 जिलों में तेज हवाओं आंधीनुमा के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी है। आईएमडी के मुताबिक, अगले 3 दिन तक ये सिलसिला जारी रहेगा, लिहाजा लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले आसमान के नीचे नहीं रहने की सलाह दी गई है।

हैदराबाद में बारिश का अलर्ट

तेलंगाना के कई हिस्सों में मौसम का रुख नर्म रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग ने हैदराबाद में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईटी कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी गई है। मौसम बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को शहर में मध्यम से भारी बारिश और गरज के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने या तूफान आने की संभावना है। सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा होने की आशंका है। आईएमडी ने राज्य के आदिलाबाद, कोमाराम भीम आसिफाबाद, मंचेरियल, निर्मल, पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोठागुडेम, महबूबाबाद, वारंगल, हनुमाकोंडा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।

केरल में भारी बारिश का आरेंज अलर्ट

दक्षिणी भारत में मानसून एक्टिव है। मौसम विभाग ने केरल में भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानमतिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इदुक्की और एर्णाकुलम जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। तिरुवनंतपुरम जिले में स्कूलों और कॉलेजों को बंद कर दिया गया है, जिन जिलों में लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है वहां हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। ऑरेंज अलर्ट से आशय 11 से 20 सेमी तक की भारी बारिश होने से है।

महाराष्ट्र का मौसम कैसा रहेगा

मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बनने से महाराष्ट्र के कई हिस्सों में 28 सितंबर तक बीच बादल छाये रहने और भारी बारिश की आशंका है। पांच अक्टूबर से पहले राज्य से दक्षिण पश्चिमी मानसून के लौटने की संभावना नहीं है। गढ़चिरौली, चंद्रपुर, यवतमाल और नांदेड़ जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि मराठवाड़ा और विदर्भ के अन्य जिलों में हल्की बारिश और बादल छाए रह सकते हैं। कमोबेश ऐसा ही कुछ मौसम गुजरात और गोवा के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है।

ओडिशा का मौसम

ओडिशा के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है। आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी ओडिशा के बलांगीर, बरगढ़ और नुआपाड़ा जिलों में विशेष रूप से खराब मौसम की संभावना है। इसके अलावा, चेतावनी का दायरा बढ़ाते हुए बालेश्वर, भद्रक, कटक, ढेंकेनाल, जगतसिंहपुर, जाजपुर, केंद्रापड़ा, क्योंझर, खोरधा, मयूरभंज, नबरंगपुर और पुरी जिलों को भी अलर्ट पर रखा गया है। सभी प्रभावित जिलों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें, सुरक्षित स्थानों में शरण लें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।

FAQs

मानसून 2025 कब तक रहेगा?

आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 अक्टूबर तक उत्तर भारत से वापस लौट जाएगा।

कल बारिश होगी या नहीं?

ठंड कब से शुरू होगी

सर्दी का मौसम कब आएगा?

दिल्ली में एयर क्वालिटी एवं वायु गुणवत्ता सूचकाकं

ऑरेंज येला और ग्रीन अलर्ट क्या होता है?

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article