शहर

Kal Ka Mausam : 24 घंटे में आंधी-बारिश का पूर्वानुमान, 20 राज्यों में लुढ़केगा तापमान; IMD का बड़ा अलर्ट

कल का मौसम कैसा रहेगा (27 जून 2026) : अगले सप्ताह से उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों से बारिश से मौसम काफी सुहावना हो सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू की गतिविधियों से राहत मिल सकती है। पहाड़ों पर सोमवार-मंगलवार तक मॉनसून दस्तक दे सकता है। उधर, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मॉनसूनी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा : मॉनसून धीरे-धीरे दक्षिण भारत से अन्य राज्यों की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि जुलाई के पहले सप्ताह तक उत्तर भारत में प्रवेश कर जाएगा, जिससे आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इस मॉनसूनी बारिश से गर्मी का असर कम होगा और खरीफ की फसलों की बुआई आसान हो सकेगी। खासकर, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में नये मौसमी तंत्र के एक्टिव होने से लू से राहत मिलेगी। अगले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बारिश, आंधी और ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान है। वहीं, महाराष्ट्र और गुजरात के साथ गोवा में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। उधर, दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों में मॉनसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। स्काईमेट ने समूचे पूर्वोत्तर भारत में तूफानी बारिश का दौर जारी रहेगा।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के अधिकांश भागों पर तेज गर्मी का एहसास हो रहा है। बादलों की आवाजाही के बीच भी अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। कई जिलों में लू की गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं। हालांकि, अगले 48 घंटों यानी 28 जून से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि जून के आखिरी तारीख तक कभी भी मॉनसून एंट्री ले सकता है। हालांकि, अभी बुंदेलखल के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, संत कबीर नगर, कुशीनगर, बस्ती, महाराजगंज, सिद्घार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर समेत कई जिलों में लू का अलर्ट है।

दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में धूप-छांव का खेल जारी है। हालांकि, ज्यादातर समय में धूप का असर बरकरार रही, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया, जिससे तेज गर्मी ने परेशान किया। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ घंटों के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और बहुत हल्की से हल्की बारिश से मौसम बदल सकता है। सीपीसीबी की मानें तो दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 130 के आसपास दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है।

बिहार में कैसा रहेगा मौसम

बिहार में गर्मी के बीच बादल राहत दे सकते हैं। आईएमडी ने राज्य के कई जिलों में 27 जून से मौसम का मिजाज बदल सकता है। खासकर, किशनगंज और पूर्णिया के कई हिस्सों पर भारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गया, नवादा और अररिया में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। वहीं, राजधानी पटना में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं यानी आंधी चलने के साथ बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी है, जिससे तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। अगले 24 से 48 घंटों में मॉनसून बारिश के तेज होने की संभावना है।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में धीरे-धीरे मौसम का मिजाज बदल रहा है, जिससे लू की गतिविधियों पर ब्रेक लगता दिख रहा है। मौसम विभाग की मानें तो पूर्वी जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश से मौसम बदला नजर आया। आईएमडी ने झालावाड़ जिले के अकलेरा में सबसे अधिक बारिश होने की बात कही। विभाग के अनुसार, फलोदी में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे अधिक न्यूनतम तापमान भी 31.6 डिग्री सेल्सियस फलोदी में ही रिकॉर्ड किया गया। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस पिलानी में दर्ज किया गया। अगले सप्ताह से राज्य में मॉनसून एंट्री ले सकता है।

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून एक्टिव

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के प्रभाव से दक्षिण भारतीय राज्यों में बारिश का सिलसिला जारीह है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कई दिनों तक काले घने बादलों का डेरा रहेगा और रुक-रुक कर आंधी-बारिश से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। खासकर, समुद्र तटीय भागों पर इसका असर अधिक है। लिहाजा आईएमडी ने लोगों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत दी है। अगले कई दिनों तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्ष्यद्वीप में मौसमी गतविधियां जारी रहेंगी, जिससे लोगों को सुहावने मौसम का एहसास होगा। हालांकि, ऊपरी हिस्सों पर उमस और गर्मी का असर बरकरार रहेगा। उधर, महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भी बारिश से मौसम सुहावना रहेगा।

पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून सक्रिय

पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून सक्रिय है। आईएमडी ने सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में बारिश का ग्राफ बढ़ने की बात कही है। अधिकांश राज्यों 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान चलने और बादलों की गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। आईएमडी ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधान रहने के लिए कहा है। अत्यधिक बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ जैसी संभावनाएं बन सकती हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article