शहर

Kal Ka Mausam : अगले 72 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट, 21 राज्यों में आंधी-बिजली से रहें सतर्क; उत्तर भारत में मॉनसून की आहट

कल का मौसम कैसा रहेगा (26 जून 2026) : मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान देश के 21 राज्यों में आंधी-बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम गतिविधियों के चलते तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी। अगले सप्ताह तक उत्तर भारत में मॉनसून के सक्रिय होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा : देश के कुछ हिस्सों पर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय है, जिसके प्रभाव से आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग की मानें तो जून के आखिरी सप्ताह में उत्तर भारत में मॉनसून एंट्री ले सकता है। हालांकि, उससे पहले ही एक मौसमी तंत्र एक्टिव है, जिसके असर से हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में धूल भरी आंधी के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि, कई हिस्सों पर तेज गर्मी का एहसास हो रहा है। इधर, पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से रुक-रुक कर अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि हो रही है, जिससे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले हिस्सों पर मौसम काफी ठंडा है। हालांकि, मैदानी भागों पर तापमान सामान्य है। स्काईमेट ने अगले चार दिन तक दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। उधर, पश्चिमी घाट के अलावा महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ इलाकों में मॉनसूनी बारिश का असर रहेगा।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा है मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदला नजर आ रहा है। कहीं धूप तो कहीं बादलों की आवाजाही से मौसम नर्म है। पिछले कुछ दिनों से कुछ हिस्सों पर हल्की आंधी के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार शाम गरज-चमक के साथ हुई बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 38 से 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आईएमडी के अनुसार, अगले कुछ घंटे तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश का अनुमान है।

राजस्थान का मौसम कैसा है?

राजस्थान में धीरे-धीरे गर्मी और लू की गतिविधियों से राहत की उम्मीद दिखाई दे रही है। आईएमडी के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। खासकर, पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश से मौसम बदला हुआ है। राज्य में सर्वाधिक वर्षा बारां जिले के अटरू क्षेत्र में हुई, जहां 90 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस और सिरोही में न्यूनतम तापमान सबसे कम 22.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

दक्षिण भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून का असर

दक्षिण भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सक्रिय रहने से तूफानी हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। आईएमडी ने अगले कई दिनों तक केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत समूचे पश्चिमी घाट में मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। इस दौरान समुद्री भागों पर तूफान की गति अधिक हो सकती है, जिससे लोगों को तटीय भागों पर जाने से मना किया गया है। पिछले कई दिनों से बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। हालांकि, ऊपरी हिस्सों पर उमस महसूस की जा रही है, जो आने वाले दिनों में कम हो सकती है। उधर, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ, गुजरात और गोवा के हिस्सों पर तेज बारिश का असर दिखाई देगा।

पूर्वोत्तर भारत में आंधी-बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में भी मॉनसूनी गतिविधियां जारी हैं। पिछले 10 दिन से रुक-रुक कर बादल बरस रहे और तूफान से बड़ा नुकसान भी हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो 26, 27 और 28 जून को अरुणाचल प्रदेश, असम, ओडिशा, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, मेघालय, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ के साथ मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर तेज आंधी-तूफान के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश से मौसम का मिजाज बदला रहेगा। आने वाले दिनों में ये गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे लू का प्रकोप पूरी तरह से खत्म हो जाएगा और गर्मी से राहत मिलेगी।

तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत में सक्रिय मॉनसून का सबसे अधिक असर तमिलनाडु में है। आईएमडी ने 10 से अधिक जिलों में 28 जून से भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। रविवार से नीलगिरी, कोयंबटूर, तिरुपुर, थेनी, डिंडीगुल, कन्याकुमारी, तिरुवल्लूर, थेनकासी, विरुधुनगर, तिरुनेलवेली, रानीपेट, वेल्लोर, कांचीपुरम और तिरुवन्नामलाई जिलों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे समुद्र में न जाएं, क्योंकि इस दौरान दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ अशांत मौसम बने रहने की आशंका है। कराईकल और नगापट्टिनम इलाकों के लिए समुद्री लहरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article