शहर

Kal Ka Mausam : लौट गया मानसून, उत्तर भारत में परेशान करेगी धूप, 7 राज्यों में बरसेंगे बादल; IMD का क्या है अलर्ट

kal ka mausam (24 September 2026) कल का मौसम कैसा रहेगा मानसून की बारिश, बाढ़ पर आईएमडी का अलर्ट : मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन बारिश की संभावना कम है। हालांकि, दक्षिण भारत के तटीय भागों और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों पर तेज वर्षा का अलर्ट है।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा : उत्तर भारत में मौसम शुष्क प्रतीत हो रहा है। आईएमडी ने यूपी, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के अधिकांश जिलों में बादल साफ रहने का अनुमान जताया है। यानी अब मानसून की वापसी की पूरी आहट मिलने लगी है। फिलहाल, धूप से तपिश बढ़ रही है और लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। उधर, पहाड़ों पर अभी नए मौसमी तंत्र के कारण हल्की बारिश के आसार हैं। खासकर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों पर बादल बरस सकते हैं। इससे अभी लैंडस्लाइड का खतरा बना रह सकता है। स्काईमेट ने पूर्वोत्तर और दक्षिण भारतीय राज्यों में अभी मानसूनी बारिश का अलर्ट जारी रखा है। खासकर, तटीय भागों में सावधान रहने के लिए कहा गया है।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मौसम शुष्क है। पिछले कई दिनों से बादल गायब हैं, जिसकी वजह से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बुधवार सुबह आसमान मुख्य रूप से साफ रहा और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने दिनभर मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 150 दर्ज किया गया, जो ’मध्यम’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 तक ’अच्छा’, 51 से 100 तक ’संतोषजनक’, 101 से 200 तक ’मध्यम’, 201 से 300 तक ’खराब’, 301 से 400 तक ’बहुत खराब’ और 401 से 500 तक ’गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

केरल में बुधवार से फिर से तेज बारिश के आसार हैं क्योंकि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव (डीप डिप्रेशन) आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट की ओर बढ़ने की उम्मीद है, जिससे पूरे राज्य में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार के लिए सात जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, कन्नूर और कासरगोड में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। गुरुवार को बारिश का अलर्ट उत्तरी केरल की ओर बढ़ जाएगा, जिसमें मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड को येलो अलर्ट के दायरे में रखा गया है। इन जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। शुक्रवार को भी बारिश जारी रहने की उम्मीद है और तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक के तटों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है क्योंकि समुद्र में हलचल और तेज हवाओं की आशंका है। मछुआरों को समुद्र में जाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट

तमिलनाडु के पश्चिमी घाट वाले जिलों के कुछ हिस्सों में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही, एक-दो जगहों पर आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग का यह अनुमान चेन्नई के आसपास वाले जिलों के लिए भी है। चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, तिरुवल्लुर और रानीपेट में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं। तमिलनाडु के बाकी हिस्सों में भी एक-दो जगहों पर हल्की बारिश और आंधी की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि चेन्नई में दिनभर आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। शहर के कुछ हिस्सों में शाम या रात के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और आंधी भी आ सकती है। चेन्नई में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इसमें छिटपुट बारिश का अनुमान है, जिसमें सबसे ज्यादा बारिश पश्चिमी घाट के जिलों और चेन्नई क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मध्यम स्तर की बताई गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article