शहर

आज आंधी संग बरसेगा झमाझम पानी; ओलावृष्टि-वज्रपात की चेतावनी; पड़ेगी भीषण सर्दी

Aaj Ka Mausam, 02 Fabuary 2026, आज का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : देश के उत्तरी राज्यों पर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के एंट्री लेते ही एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदल गया है। पहाड़ों पर बारिश के साथ बर्फबारी से राहत नहीं दिख रही है। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि 3 फरवरी तक लगातार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के अधिकांश ऊंचाई वाले स्थानों भारी बर्फबारी और बारिश का सिलसिला नहीं थमेगा। इधर मैदानी राज्यों में सोमवार तक बादलों की आवाजाही और तेज सर्द हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने और झमाझम बारिश का अलर्ट जारी है। ज्यादातर राज्यों में कोहरा और शीतलहर की स्थिति रहेगी।

Image

आज का मौसम

KEY HIGHLIGHTS
  • उत्तर भारत में 2 दिन तक पश्चिमी विक्षोभ रहेगा सक्रिय
  • आईएमडी ने 8 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया
  • पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी-बारिश और हिमस्खलन की चेतावनी

Aaj Ka Mausam (आज का मौसम) : मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 3 फरवरी तक उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव रहेगा, जिस कारण मौसमी गतिविधियां होंगी। खासकर, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली गिरने के खतरे के बीच आंधी-बारिश से मौसम बदला रहेगा। बर्फीली हवाओं और कोहरे की स्थिति रहने से न्यूनतम तापमान में कमी के संकेत हैं, जिससे एक बार फिर तेज सर्दी का एहसास होगा। आईएमडी ने हिमालयी राज्यों में विक्षोभ के असर से आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट घोषित किया है। अनुमान है कि अगले 4 दिन तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज बर्फबारी के साथ अच्छी खासी बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। वहीं, मैदानी भागों में शीतलहर चलने से न्यूनतम तापमान निचले स्तर पर बना रहेगा। वहीं, दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों में मौसम साफ रहेगा।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
पंजाब8°C19°C
हरियाणा10°C21°C
दिल्ली7°C20°C
राजस्थान11°C23°C
मध्य प्रदेश14°C25°C
उत्तर प्रदेश10°C22°C
बिहार11°C21°C
मुंबई21°C28°C
उत्तराखंड2°C12°C
हिमाचल प्रदेश2°C12°C
कश्मीर-2°C2°C

यूपी में कल का मौसम

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों पर मौसम बदल गया है और गरज चमक के साथ बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 2 दिन तक नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं, बिजनौर, बागपत, मेरठ, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी, औरैया, जालौन, महोबा, हमीरपुर और झांसी के आसपास तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है। वहीं, पूर्वी यूपी में शीतलहर चलने से सर्दी और कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम खराब रहने के दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि का खतरा हो सकता है।

दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा

दिल्ली-एनसीआर में 1 फरवरी की सुबह से मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं गरज चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 36 घंटे तक बादल मंडराते नजर आएंगे और बीच-बीच में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की जाएगी, जिससे प्रदूषण के लेवल पर मामूली गिरावट देखी जाएगी। लेकिन, न्यूनतम तापमान में कमी रहने और शीतलहर की स्थिति रहने से सर्दी का भी एहसास होगा।

हरियाणा-पंजाब का मौसम कैसा रहेगा

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा में मौसम खराब है। राज्य के गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूह, अंबाला, पंचकूला, यमुमानगर, कैथल, रोहतक, झज्जर, पानीपत, सोनीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में अगले 48 घंटों के दौरान बादल छाए रहेंगे और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान आंधी, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि का खतरा बना ररहेगा। उधर, पंजाब में भी बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, रूपनगर, कपूरथला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, लुधियाना, तरनतारन, फाजिल्का, फरीदकोट, बठिंडा, बरनाला, मोगा, मुक्तसर, मानसा, मोहाली और संगरूर समेत कई जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट है।

राजस्थान का मौसम कल

राजस्थान में पिछले 24 घंटे से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके प्रभाव से कई इलाकों में आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया 3 फरवरी तक जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, अजमेर और शेखावटी संभाग के जिलों में आसमान बादलों से ढके रहेंगे और कहीं हल्की तो कहीं मध्यम स्तर की बारिश होगी। इतना ही नहीं खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी है।

जम्मू-कश्मीर में मौसम कैसा है

जम्मू-कश्मीर में रविवार की रात से ही भारी बर्फबारी और बारिश ने मुसीबत खड़ी कर दी है। खराब मौसम के बीच बर्फीली हवाओं से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट के बाद ठंडी बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो श्रीनगर, गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम में माइनस 7 डिग्री समेत कई घाटी वाले स्थानों में तापमान माइनस पर बना हुआ है। अगले 36 घंटे तक कई जगहों पर काले बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने के साथ बर्फबारी और बारिश का अलर्ट है। कई इलाकों पर अवलांच यानी हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल प्रदेश में मौसम बदल गया है और करीब 8 जिलों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। आईएमडी ने बताया कि करीब 48 घंटों तक किन्नौर, लाहौल स्पीति, मंडी, शिमला, कुल्लू, मनाली, चंबा, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी। उधर, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर समेत कई जिलों अंधड़ और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान शीतलहर भी चलेगी और कोहरा भी नजर आएगा, जिससे ठंड का एहसास कायम रहेगा

उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश का मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड के कई ऊंचे स्थान काले बादलों से घिरे रहेंगे और झमाझम बारिश के साथ बर्फबारी होगी। इस दौरान उत्तराखंड, पिथौरागढ़, चमोली, बागेश्वर, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, देहरादून, नैनीताल और अल्मोड़ा में बारिश के साथ बर्फबारी का अलर्ट है, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री में बर्फबारी जारी रहेगी, जिससे न्यूनतम तापमान गिरेगा और लोगों को कड़ाके की सर्दी महसूस होगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article