शहर

आज का मौसम 16 अगस्त : जन्माष्टमी पर बादल बरसेंगे घनघोर, गिरेगी बिजली आंधी मारेगी जोर; मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

Aaj Ka Mausam, 16 अगस्त 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : मौसम विभाग ने 16 अगस्त यानी जन्माष्टमी (Janmashtami Ka Mausam) के दिन उत्तर-पश्चिम भारत के विभिन्न राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में काले घने बादलों की आवाजाही, मेघ गर्जन, वज्रपात और आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। कमोबेश अच्छे मानसून के संकेत महाराष्ट्र गुजरात, दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों में मिल रहे हैं।

Image

कल का मौसम

आज का मौसम कैसा रहेगा 16 अगस्त 2025 : देशभर में मानसून की सक्रियता से तेज मौसमी गतिविधियां जारी हैं। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक मूसलाधार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर बना हुआ है, जिससे तराई के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने जन्माष्टमी के लिए भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। 16 और 17 अगस्त तक हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश के संकेत हैं। इस दौरान आकाशीय बिजली कड़कने और कहीं-कहीं गिरने का खतरा जताया जा रहा है। हालांकि, 18 और 19 को मौसम थोड़ा सुस्त पड़ेगा, लेकिन 20 अगस्त से फिर तेजी आ सकती है। खासकर, पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बादल फटने के साथ भारी से भारी बारिश, लैंडस्लाइड और अचानक बाढ़ आने का ऑरेंज अलर्ट घोषित है। उधर, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में मानसून में तेजी आने की संभावना है। इसके अतिरिक्त पूर्वोत्तर में असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड समेत पश्चिम बंगाल में मौसम का रुख खुशनुमा रहेगा। वहीं, दक्षिण में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में रिटर्न होता मानसून कहर बरपा सकता है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली 27°C32°C
मुंबई27°C29°C
हैदराबाद23°C27°C
चेन्नई27°C34°C
भोपाल23°C29°C
जयपुर 26°C32°C
लखनऊ27°C32°C
पटना28°C32°C
देहरादून24°C27°C
शिमला18°C22°C
जम्मू-कश्मीर12°C16°C

यूपी कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में काले घने बादलों की आवाजाही जारी है। जन्माष्टमी के दिन राज्य के अधिकतर हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान झांसी, ललितपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, जालौन, कानपुर, कानपुर नगर, औरैया, कन्नौज, इटावा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कासगंज, हाथरस, अलीगढ़, आगरा, नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, हापुड़, मेरठ, सहरानपुर, शामली, बिजनौर, रामपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, भदोही, वाराणसी, जौनपुर, मऊ, गाजीपुर, बलिया, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, गोंडा, बस्ती, बहराइच और अयोध्या समेत कई जिलों में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी है। उधर, पहाड़ों और मैदानी इलाकों में पिछले कई दिनों से मूसलाधार बारिश के कारण गंगा, यमुना, शारदा, घाघरा, सरयू और गोमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान के आसपास है, जिससे तराई के इलाकों में बाढ़ से हालत खराब है।

फतेहपुर का मौसम

फतेहपुर का मौसम

बिहार कल का मौसम कैसा रहेगा?

बिहार में मौसम तेवर तेज हैं। राज्य के कई कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 16 अगस्त के लिए 18 जिले के लिए आंधी तूफान के साथ ठनका गिरने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लिहाजा, लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। 16 से 18 और 20 अगस्त के दौरान राजधानी पटना खगड़िया, किशनगंज, जमुई, नवादा, नालंदा, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, जहानाबाद, गयाजी, अररिया, सुपौल, मधेपुरा, शेखपुरा, बांका, मुंगेर और बेगूसराय में भीषण आंधी चलने के साथ बादलों के गड़गड़ाने, बिजली कड़कने और मूसलाधार बारिश की चेतावनी है। भारी बारिश के कारण राज्य की कोसी, गंडक और बूढ़ी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के आसपास है, जिससे डूब क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। फिलहाल, इसी तरह के हालात बने रहने के संकेत हैं।

बारिश से हरे भरे खेत

बारिश से हरे भरे खेत

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। दिल्ली धुंध भरी हवा और बादलों की चादर से ढकी है। झमाझम बारिश के कारण मौसम काफी सुहावना है। मौसम विभाग ने एनसीआर क्षेत्र में 16 अगस्त से लेकर 20 अगस्त तक हल्की आंधी के साथ बिजली कड़कने और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जिसके कारण गर्मी और उमस से काफी राहत रहेगी। उधर, दिल्ली से जुड़े हरियाणा में भी मानसून मेहरबान है। अगले कुछ घंटो के दौरान फरीदाबाद, गुरुग्राम, जींद, भिवानी, चारखी, सोहना, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, सोनीपत और पलवल समेत कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। पंजाब में भी कुछ ऐसी ही बारिश देखी जा रही है।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?

राजस्थान में एक बार फिर मानसून ने अच्छी वापसी की है। मौसम विभाग ने 16 अगस्त से 20 अगस्त तक राज्य के कई इलाकों में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दरम्यान बाड़मेर, जयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, जालोर, सिरोही, राजसमंद, पाली, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ समेत राज्य के अधिकतर हिस्सों में अच्छी बारिश के संकेत दिए गए हैं। जिससे मौसम काफी सुहावना रहेगा और लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।

उत्तराखंड और हिमाचल का मौसम

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों मानसून का कहर जारी है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, रामपुर, शिमला, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना में कई दिनों से भारी बारिश के कारण भूस्खलन जैसी समस्याएं जारी हैं। मौसम विभाग ने वीकेंड पर बादल फटने और अचानक बाढ़ आने का अलर्ट है। इधर, उत्तराखंड में मौसम ने भारी तबाही मचा रखी है। 16 अगस्त तक बादलों का डेरा रहेगा। देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, कर्णप्रयाग, रूद्रप्रयाग, पौड़ी और चंपावत में आकाशीय बिजली गिरने और तीव्र वर्षा की संभावना है। फिलहाल, बादल फटने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लिहाजा, लोगों को यात्रा करने से परहेज करना होगा। उधर, जम्मू-कश्मीर में भी कमोबेश ऐसा ही मौसम देखने को मिलेगा। कई जगहों पर भूस्खलन की चेतावनी है। कश्मीर के किश्तवाड़ में गुरुवार को बादल फटने से 45 लोगों के मौत की खबर सामने आई है, लिहाजा लोगों को यात्रा न करने की सलाह दी जा रही है।

मुंबई में कैसा रहेगा मौसम?

महाराष्ट्र में मानसून की अच्छी वापसी के संकेत हैं। वीकेंड पर मौसम में तेजी से बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग ने 18 से 20 अगस्त तक मुंबई समेत कई जिलों में छिटपुट और हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट है। जिसके कारण भारी जलभराव हो सकता है। लौटते मानसून के कारण राज्य में अच्छी बारिश हो सकती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article