शहर

72 घंटे बादलों की मेहरबानी, आंधी-तूफान संग गिरेगा झमाझम पानी; ओलावृष्टि-वज्रपात की बड़ी चेतावनी

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे के अंदर उत्तर भारतीय राज्यों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होते ही आंधी-बारिश की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी, जो अगले 3 दिन तक रुक-रुक जारी रही रह सकती हैं। मौसम में बदलाव से अगले 3-4 दिन तक तापमान सामान्य रहेगा, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट है। वीकेंड पर दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश से मौसम बदला रहेगा।

Image

कल का मौसम

देशभर में बढ़ते तापमान और गर्मी के बीच अधिकांश राज्यों में अगले 24 घंटे के अंदर मौसम करवट ले सकता है। खासकर, गर्मी की मार झेल रहे उत्तर भारत के राज्यों को राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 मार्च से एक नये पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में बादल छाए नजर आएंगे और धूल भरी आंधी के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम स्तर की बारिश होगी। इस दौरान ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। आईएमडी ने पहाड़ों पर 16 मार्च से फिर विक्षोभ के एक्टिव होने का अनुमान जताया है, जिसके बाद उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले हिस्सों पर बर्फबारी और बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। इतना ही नहीं महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों पर बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। स्काईमेट ने बताया कि अगले 3 से 4 दिन तक प्री मानसून (Pre Mansoon) की आहट के बीच पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में मेघ गर्जन के साथ मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। हालांकि, अधिकांश राज्यों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जिससे लू (हीटवेव) का अनुमान है।

यूपी में बारिश होगी क्या

उत्तर प्रदेश में अगले कुछ घंटों में मौसम बदलने वाला है। आईएमडी के पूर्वानुमान के हवाले से 15 मार्च को राज्य के कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ आंधी-बारिश की एंट्री हो सकती है। अगले 3 दिन तक नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर और महाराजगंज में रविवार-सोमवार को बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच आंधीनुमा हवाओं के साथ बारिश एवं आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अंदेशा जताया गया है। खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ ही घंटों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर दिखाई देगा और 15 मार्च से आंधी-बारिश दस्तक देगी। फिलहाल, बादलों की मेहरबानी से तापमान में गिरावट आई है और धूप भी गायब है। आईएमडी की मानें तो सोमवार तक मौसम बदला रहेगा और पॉल्यूशन में भी कमी देखी जाएगी, जिससे लोग राहत की सांस ले सकेंगे। रविवार की सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है, जिससे बढ़ती गर्मी से काफी राहत मिलेगी। सोमवार तक न्यूनतम तापमान के 14 से 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान के 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। कमोबेश ऐसा ही मौसम गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद में देखा जाएगा, जिससे प्रदूषण से राहत की उम्मीद है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई 150 से नीचे है, जो मध्यम श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 को गंभीर माना जाता है। आने वाले दिनों में हवा के साफ होने की गुंजाइश है।

राजस्थान में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में कई स्थानों पर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 3 दिन हल्की बारिश होने और तेज हवा चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और शेखावाटी जिले में कहीं-कहीं बादल गरजने, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। वहीं 15 मार्च को जयपुर, भरतपुर संभाग, अजमेर और शेखावाटी क्षेत्र के जिले, गंगानगर, हनुमानगढ़ में मौसम खराब रहने के चांस हैं। इतना ही नहीं इस दौरान आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि को लेकर खतरा बना रहेगा। इसके अतिरिक्त 19-21 मार्च के दौरान एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से कहीं-कहीं आंधी बारिश होगी। आईएमडी के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक कई भागों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे बने रहने का अनुमान है, जिससे गर्मी से राहत रहेगी। फिलहाल, बाड़मेर सबसे गर्म स्थान है, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, जयपुर 35.5 डिग्री, पाली में 38 डिग्री, जोधपुर में 38 डिग्री, कोटा में 37.5 और चित्तौड़गढ़ में 37.5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार का मौसम कैसा है

बिहार में पिछले कई दिनों से बादलों की आवाजाही जारी है, जिससे तापमान में मामूली कमी आई है। आईएमडी ने बताया कि 15 से 18 मार्च के बीच राज्य के कुछ जिलों में आंशिक तौर पर बादल छाए नजर आ सकते हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और छिटपुट बारिश से मौसम बदला रहेगा, जिससे गर्मी से राहत रहेगी। खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली कड़कने का खतरा जताया गया है। लिहाजा, सतर्क रहने की आवश्यकता है। हालांकि, अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने का अनुमान है।

पंजाब-हरियाणा में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में हरियाणा और पंजाब में मौसम पूरी तरह से बदल जाएगा। मौसम विभाग ने बताया कि 15 मार्च से दोनों ही राज्यों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं यानी आंधी चलेगी और गरज चमक के साथ बारिश होगी। इस दौरान अमृतसर, पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, कपूरथला, जालंधर, गुरदासपुर, पटियाला, फतेहगढ़, मोहाली और संगरूर में बारिश का अलर्ट घोषित है। वहीं, हरियाणा के पानीपत, हिसार, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पंचकूला, दादरी, चरखी, भिवानी और गुरुग्राम, फरीदाबाद में गरज चमक के साथ आंधी और बारिश की संभावना जताई जा रही है, जिससे तापमान में कमी आएगी और गर्मी से राहत की उम्मीद मिलेगी है। ये मौसमी गतिविधियां अगले 3 दिन तक रुक-रुककर जारी रह सकती हैं।

उत्तराखंड में मौसम कैसा है

उत्तराखंड में अगले कई दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों के दौरान येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान रूद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के कुछ ऊंचे स्थानों पर बादलों के छाए रहने और मेघ गर्जन के साथ आंधी-बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने, आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। ऊंचे हिस्सों पर बर्फ गिरने और हवाओं की गति अधिक होने से ठंडक का एहसास होगा। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर धूप निकल सकती है और गर्मी का एहसास होगा।

हिमाचल-कश्मीर का मौसम

हिमाचल प्रदेश में मौसम का रुख नर्म है। 15 से 16 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के तीव्र होने का अनुमान है, जिसके असर से बादल गरजेंगे और आंधी-तूफान के साथ अच्छी खासी बारिश एंव बर्फबारी होगी। आईएमडी ने बताया कि रविवार को हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान और बारिश से मौसम बिगड़ सकता है। वहीं, लाहौल स्पीति, केलांग, कुंजम, शिंकुला और बारालाचा में बर्फबारी होगी, जिससे ठंडक महसूस की जाएगी। हालांकि, 18 और 19 मार्च को समूचे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उधर, कश्मीर में भी विक्षोभ का असर बना हुआ है, जिससे पर्वतीय भागों पर बारिश एवं बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना है। फिलहाल, घाटी में ठंडक महसूस की जाएगी। बहरहाल, मैदानी भागों पर तापमान बढ़ने से गर्मी के संकेत मिलने लगे हैं।

पूर्वोत्तर में बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर के राज्यों में मौसम पूरी तरह से परिवर्तित हो गया है। कई राज्यों में अगले 3 से 4 दिन आसमान बादलों से ढके रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि कई जिलों में गरज के साथ मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

तमिलनाडु में बारिश

तमिलनाडु में अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। आईएमडी के अनुसार, रामनाथपुरम और थूथुकुडी जिलों में रविवार को हल्की बारिश हो सकती है। मौसमी गतिविधियां होने से से बढ़ते तापमान से अस्थायी राहत मिल सकती है। हालांकि, आने वाले दिनों में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। कुछ क्षेत्रों में तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है, जिसके मौसम गर्म हो सकता है। चेन्नई में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। फिलहाल, अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त कई अन्य पड़ोसी राज्यों में भी बादलों की आवाजाही हो सकती है, जो प्री मानसून के संकेत हैं।

15 मार्च रविवार का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली18°C30°C
मुंबई25°C32°C
चंडीगढ़16°C28°C
जयपुर18°C30°C
भोपाल21°C34°C
लखनऊ19°C33°C
पटना20°C34°C
रांची21°C34°C
कोलकाता24°C34°C
चेन्नई24°C32°C
हैदराबाद22°C35°C
देहरादून13°C25°C
शिमला10°C21°C
कश्मीर6°C4°C

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article