शहर

कल का मौसम 11 सितंबर : बादल डाउन करेंगे तापमान, आंधी-वज्रपात संग होगी आफत की बरसात! मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

Kal Ka Mausam, 11 सितंबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिन तक झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटे के दौरान हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा, लिहाजा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा 11 सितंबर 2025: भादो का महीना खत्म हो चुका है और कुआर की शुरुआत हो चुकी है। अब मानसून वापसी की कगार पर है। लेकिन, जाते-जाते कई राज्यों को अच्छी खासी बारिश से तरबतर कर सकता है। फिलहाल, उत्तर भारत में धूप छांव के बीच हल्की हवाओं और छिटपुट बारिश से मौसम सुहावना है। मौसम विभाग ने इस सप्ताह 11, 12, 13 सितंबर तक पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं तेज तो कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, अब बादल फटने और बड़ी लैंडस्लाइड की घटनाओं की आशंका मिटती जा रही है। लेकिन तेज हवाओं के साथ रात्रि के समय ठंडक का एहसास बढ़ेगा। इधर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। 11 सितंबर यानी गुरुवार को कहीं-कहीं आंधीनुमा हवाओं के साथ मेघ गर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। आईएमडी की मानें तो कई राज्यों में तड़ित झंझा के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। अगले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु एवं कर्नाटक में मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। उधर, पूर्वोत्तर में मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, ओडिशा, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और महाराष्ट्र में मानसूनी बारिश मौसम में ताजगी बनी रहेगी। अब धीरे-धीरे नदियों के जलस्तर में कमी आनी शुरू होगी और रात्रि के वक्त तापमान कम होगा।

यूपी में कल कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून एक्टिव हो रहा है, जिससे मौसम का मिजाज काफी ठंडा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में दोबारा मानसूनी ट्रफ लाइन आ रही है। इसके प्रभाव से अगले 4 से 5 दिन तक प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी तराई इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनेगी। बुंदलेखंड और अवध में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। आईएमडी ने 10, 11, 12, 13 और 14 सितंबर को राज्य के 35 जिलों में मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान ललितपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, जालौन, कौशांबी, प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, मऊ, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, संत रविदासनगर, संत कबीर नगर, बस्ती, अंबेडकरनगर, सुलतानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बलरामपुर, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, कुशीनगर और सोनभद्र में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

दिल्ली कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से बारिश का मीटर गुल है। अब हल्की बारिश और बादलों का असर धीरे-धीरे खत्म होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बेहद कम है। हालांकि, आसमान में हल्के बादल जरूर छाए रहेंगे, जिससे लोगों को बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। बारिश कम होने से तापमान में इजाफा होने की संभावना और और उमस के साथ तेज धूप भी परेशान करेगी। आईएमडी के मुताबिक, 15 सितंबर तक एनसीआर के अलग-अलग क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। हालांकि,12, 13, 14 और 15 सितंबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन तेज बारिश की संभावना नहीं है। अब सड़कों पर धूल और मौसम में रात्रि में ठंडक होने से प्रदूषण का स्तर भी बढ़ेगा।

कल बिहार का मौसम

पटना मौसम केंद्र ने बताया कि पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज के कुछ भागों में मेघ गर्जन के साथ तेज वर्षा दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने बताया कि कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस दौरान आंधी और बारिश के कारण पेड़ उखड़ने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं। साथ मेघ गर्जन की आवाज होगी और कहीं-कहीं ठनका गिरने की संभावना रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि जब मौसम का मिजाज बदलने पर खुले आसमान के नीचे और खेतों पर न जाएं, न ही बिजली के खंभो के आसपास खड़े हों। इसके अलावा पटना, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, भागलपुर, बांका, कटिहार, पूर्णिया, समस्तीपुर, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, गोपालगंज, सिवान, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल, नालंदा और जहानाबाद में 11 सितंबर तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने बताया कि 13 सितंबर तक राज्य में मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी, इसके बाद बादलों का रुख बदलेगा और वर्षा का क्रम धीरे-धीरे टूटेगा। आईएमडी का मानना है कि इस तरह का मानसून अगले 3 से 4 दिन तक देखने को मिलेगा।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
कश्मीर12°C19°C
शिमला19°C26°C
देहरादून24°C29°C
दिल्ली26°C34°C
जयपुर 24°C32°C
भोपाल23°C30°C
मुंबई26°C29°C
लखनऊ28°C34°C
पटना28°C32°C
हैदराबाद23°C30°C
चेन्नई27°C34°C

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में लगातार जारी भारी बारिश की गतिविधियों से जनजीवन प्रभावित है। हालांकि, अब कुछ कमी आने से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों से राहत मिलने की पूरी संभावना है। पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह बारिश की गतिविधियों में गिरावट जारी रहने और केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इसी तरह पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में भी आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में तेजी से गिरावट होने व 11 सितंबर से अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। गुरुवार को बाड़मेर, जैसलमेर और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं हल्की व मध्यम बारिश होने की संभावना है।

उत्तराखंड में कैसा है मौसम

उत्तराखंड में अभी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। अगले सप्ताह तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों अल्मोड़ा, टिहरी, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल और पौड़ी में मूसलाधार बारिश दर्ज की जाएगी। वहीं, हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर और देहरादून में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान तेज हवाओं के झोंके के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। कई जगहों पर बारिश के बाद लैंडस्लाइड और बोल्डर गिरने से सड़कें आवागमन के लिए अवरुद्ध कर दी गई हैं।

जम्मू-कश्मीर का मौसम

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से तबाही का आलम है। बाढ़ और लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे समेत सड़कों के करीब 12 हजार किलोमीटर लंबे हिस्से क्षतिग्रस्त हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 12 सितंबर तक रुक-रुककर गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट घोषित किया है। इस दौरान वज्रपात की चेतावनी जारी की गई हैं। हालांकि, धीरे-धीरे अब मौसमी गतिविधियां कम होंगी और ठंड का दौर शुरू होगा। हिमाचल प्रदेश में 15 सितंबर तक मौसम एक्टिव रहेगा, जिससे तेज बारिश की संभावनाएं बनी रहेंगी। राज्य में 12 और 13 सितंबर को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मुंबई का मौसम

बंगाल की खाड़ी पर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मानसून ओडिशा और आंध प्रदेश की ओर सक्रिय होगा, जिसके असर से महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। 14 से 16 सितंबर के बीच मुंबई में मानसूनी बारिश में तेजी आएगी, जो अगले 2 से 4 दिन जारी रहेगी, जिससे तापमान डाउन रहेगा और लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिलेगी।

झारखंड में मौसम का हाल

झारखंड के कुछ हिस्सों में अगले पांच दिनों तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने मुताबिक, पाकुड़, साहिबगंज, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 14 सितंबर को आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान राज्य भर के लोगों को भारी बारिश का सामना करना पड़ सकता है, साथ ही 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसका कुछ असर छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के हिस्सों पर भी रहेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article