शहर

कल का मौसम : सावन में बादल बरसेंगे धुआंधार, 11, 12, 13 जुलाई को आंधी-बारिश होगी मूसलाधार; मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

Kal Ka Mausam, 11 जुलाई 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: सावन की शुरुआत तेज हवाओं और बौछारों के साथ होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 11 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब, एमपी, झारखंड, छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली और मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई है। उधर, पहाड़ी राज्य उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और महाराष्ट्र, गुजरात में मानसूनी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। कमोबेश ऐसा ही मौसम दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में रहने का अलर्ट है।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा) : काले बादलों ने समूचे भारत को कवर कर लिया है। उत्तर से लेकर दक्षिण तक और पश्चिम से लेकर पूर्वोत्तर तक मानसून के तेजी पकड़ने से मौसमी गतिविधियां तेज हो गई हैं। खासकर, दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से बादलों आवाजाही रहने के बावजूद बारिश न होना चिंता का विषय बना हुआ था, जिससे आईएमडी के अलर्ट पर सवाल उठ रहे थे। लेकिन, 9 जुलाई की शाम से मौसम का रुख पूरी तरह बदल गया और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। अब 10, 11, 12 और 13 जुलाई तक दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और हरियाणा-पंजाब में आंधी-तूफान, गरज चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। उधर, पहाड़ी इलाकों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश के साथ अचानक बाढ़ और लैंडस्लाइड की चेतावनी जारी है। अगले 24 घंटों के दौरान नॉर्थ ईस्ट स्टेट मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम और नागालैंड में मूसलाधार वर्षा से बाढ़ का खतरा बन सकता है। इसके अलावा दक्षिणी राज्यों आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, झारखंड, गुजरात और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हो सकती है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
चेन्नई28 °C35 °C
हैदराबाद 24 °C31 °C
दिल्ली27 °C32 °C
मुंबई27 °C29 °C
पटना27 °C32 °C
लखनऊ 27 °C33 °C
देहरादून 23 °C25 °C
शिमला18 °C23 °C
कश्मीर11 °C18 °C
भोपाल 24 °C29 °C
जयपुर 26 °C32 °C

यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम का रुख नर्म है। कहीं धूप तो कहीं तेज बारिश दर्ज की जा रही है। हालांकि, मौसम विभाग ने सावन की शुरुआत से गरज चमक और आंधी के साथ मध्यम बारिश अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं-कहीं वज्रपात का भी खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, 11 जुलाई को जालौन, झांसी, ललितपुर, कानपुर, कानपुर देहात, हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, बांदा, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, सहारनपुर, प्रयागराज, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा समेत कई जिलों में बिजली चमकने के साथ बारिश के आसार हैं।

बिहार कल का मौसम

बिहार में सावन की शुरुआत बौछारों के साथ हो सकती है। मौसम विभाग ने कल से राज्य के 26 जिलों में मौसम के करवट लेने की संभावना जताई है। इस दौरान मेघ गर्जन, आंधी-तूफान और बारिश की उम्मीद जताई गई है। आईएमडी के मुताबिक, कटिहार, पूर्णिया, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नवादा, गया, जहानाबाद, शेखपुरा, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, अररिया, नालंदा और बेगूसराय में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अतिरिक्त 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बादलों ने डेरा डाल लिया है। बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश से तापमान में काफी कमी आई है और मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने शुक्रवार, शनिवार और रविवार को काले बादलों की आवाजाही के साथ तेज हवाएं और मध्यम से भारी बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। यानी इस वीकेंड दिल्लीवासियों को भीगने का आनंद मिल सकता है। आईएमडी की मानें तो सबसे अधिक बारिश रात के समय होगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

हरियाणा का मौसम कैसा है?

हरियाणा के विभिन्न इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। खासकर, गुरुग्राम और फरीदाबाद सड़कें एवं कई रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए और यातायात बाधित हो गया। मौसम विभाग ने झज्जर, रोहतक, महेंद्रगढ़ समेत विभिन्न जिलों में वीकेंड पर तेज बारिश का अलर्ट है। कमोबेश ऐसा ही मौसम पंजाब के अधिकतर इलाकों में देखने को मिलेगा।

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में मानसून की सक्रियता के कारण कई जगहों भारी से अति भारी बारिश हुई। आईएमडी के जयपुर केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटे की अवधि में राजस्थान के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी व कहीं-कहीं अतिभारी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी राजस्थान में 10 जुलाई से जबकि पश्चिमी राजस्थान में 12 जुलाई से भारी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। आईएमडी के अनुसार 11 जुलाई को कोटा, भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने व 12-13 जुलाई को कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर व उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी व अतिभारी बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश में भारी बारिश

मध्य प्रदेश में भारी बारिश से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने , जबलपुर, उमरिया, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, विदिशा, भोपालसागर, दमोह, हरदा, देवास, श्योपुर, गुना, ग्वालियर, अशोकनगर, शिवपुरी, टीकमगढ़, दतिया, भिंड, मुरैना, रीवा, छतरपुर और सतना में गरज चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

झारखंड में बाढ़

झारखंड में भारी बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। खरकई और सुवर्णरेखा नदियों में पानी खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण अलर्ट जारी किया गया। आदित्यपुर पुल पर खरकई नदी का जलस्तर 129.96 मीटर है जबकि खतरे का निशान 129 मीटर पर है। मैंगो पुल के पास सुवर्णरेखा नदी 121.64 मीटर पर बह रही है, जबकि खतरे का निशान 121.50 मीटर पर है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। अत्यधिक बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-तीन के मंडी-धरमपुर खंड समेत 245 सड़कें अवरुद्ध हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-तीन पंजाब के अटारी को लद्दाख के लेह से जोड़ता है। मौसम विभाग के स्थानीय केंद्र ने रविवार से बुधवार तक राज्य के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इसने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ हिस्सों में कम से मध्यम स्तर की बाढ़ का खतरा होने की चेतावनी दी।

जम्मू-कश्मीर का मौसम

जम्मू-कश्मीर में बारिश का दौर जारी है। खासकर, ऊंचाई वाले इलाकों में मूसलाधार बारिश के संकेत हैं। गुरुवार को अधिक बारिश के कारण कठुआ में रेलवे पटरियों के बारिश के पानी में डूब जाने के कारण एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे जम्मू-पठानकोट मार्ग पर रेल यातायात बाधित हो गया। उधर, पुंछ जिले के एक पर्वतीय क्षेत्र में बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद एक लड़की की मौत हो गई।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article