शहर

कल का मौसम 10 अगस्त : संडे-मंडे होगी तबाही की बरसात! गिरेगी बिजली आएगा तूफान; IMD का खतरनाक अलर्ट

Kal Ka Mausam, 10 अगस्त 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega :भादों माह के स्वागत के लिए मानसून तैयार है। आईएमडी ने 10 अगस्त को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत अन्य राज्यों में काले बादल छाए रहने के संकेत दिए हैं। इस दौरान मेघ गर्जन, आंधी-तूफान के साथ वज्रपात होने और मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट है। कमोबेश ऐसी ही बारिश दक्षिण भारत के राज्यों के साथ पूर्वोत्तर के हिस्सों में दर्ज की जाएगी।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा 10 अगस्त 2025 : सावन माह का आखिरी दिन बादलों से ढका है और रविवार से भादों का महीना शुरू हो जाएगा। देशभर के सभी हिस्सों में झमाझम बारिश ने सावन में लोगों को खूब तरबतर किया। अनुमान से पहले आए मानसून ने धरती को जमकर भिगोया, जिससे गर्मी और लू का दौर जल्द ही खत्म हो गया। अब अगले एक सप्ताह तक तेज मानसूनी गतिविधियां जारी होने का अलर्ट है। मौसम विभाग ने 10 अगस्त को उत्तर भारत के दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में मानसून के रफ्तार पकड़ने के संकेत दिए हैं। भादों महीने की शुरुआत बादलों की गरज चमक, आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश के साथ होने की संभावना है। अगले 24 से 48 घंटे के दौरान पहाड़ी क्षेत्र उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम रहने और बादल फटने समेत बाढ़ का अलर्ट घोषित किया गया है। पूर्वोत्तर के असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। दक्षिण में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में मानसून रिटर्न की सूचना है, लेकिन महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य प्रदेश में तीव्र वर्षा में कमी देखी जाएगी।

यूपी कल कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसमी बारिश ने त्रस्त कर दिया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश से खेती बुआई का काम ठप पड़ा हुआ है। हालांकि, धान की फसल के लिए सावन का महीना बेहद राहत भरा रहा है। अत्यधिक बारिश के कारण गंगा, यमुना, सरयू, रामगंगा, शारदा, घाघरा और गोमती में बाढ़ जैसे हालात रहे। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह तक रुक-रुककर अच्छी बारिश के संकेत दिए हैं। आईएमडी ने बुंदेलखंड के बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, झांसी, जालौन, कानपुर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद, एटा, मैनपुरी, कासगंज, हाथरस, बुलंदशहर, अलीगढ़ और आगरा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है। रविवार को फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, मऊ, गाजीपुर, बलिया, बस्ती और गोरखपुर में गरज चमक के साथ बौछारें गिर सकती हैं। इधर, खीरी, सीतापुर, शाहजहांपुर, बिजनौर, बरेली, रामपुर, बदायूं, बागपत, मेरठ, हापुड़, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली समेत कई हिस्सों में काले बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश का अलर्ट है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
मुंबई 27 °C29 °C
दिल्ली27 °C31 °C
जयपुर26 °C31 °C
भोपाल23 °C27 °C
लखनऊ26 °C30 °C
पटना27 °C30 °C
जम्मू-कश्मीर11 °C19 °C
देहरादून24 °C27 °C
शिमला19 °C23 °C
हैदराबाद23 °C29 °C
चेन्नई26 °C32 °C

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में रक्षाबंधन की सुबह से ही तेज बारिश शुरु हुई, जिससे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में पानी भर गया। कई जगह-जगह जाम लग गया और फ्लाइट के समय पर भी असर पड़ा। मौसम विभाग ने आज और कल दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। बारिश थमने से इसमें फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। आईएमडी की मानें तो वीकेंड पर राजधानी में अच्छी बारिश हो सकती है। ये दौर अगले कई दिनों तक थम थमकर जारी रह सकता है, जिससे सुहावने मौसम का आनंद उठा सकेंगे।

शनिवार को अत्यधिक बारिश के कारण दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों में देरी हुई। इंडिगो एयरलाइंस ने सोशल मीडिया पर यात्रियों को आगाह किया कि वे हवाई अड्डे आने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस ऑनलाइन जरूर चेक करें। आईएमडी ने दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया।

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?

राजस्थान में अगले सप्ताह तक मौसमी गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। इस दौरान सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। जयपुर मौसम केंद्र से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राज्य के अधिकतर भागों में आगामी एक सप्ताह मानसून रूठा रहेगा। हालांकि, रविवार से कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शनिवार से मंगलवार तक कोटा, उदयपुर, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की-मध्यम बारिश मौसम सुहावना कर सकती है। आईएमडी ने बताया कि15 से 21 अगस्त के दौरान बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। दक्षिणी भाग में सामान्य से अधिक और शेष भागों में सामान्य के आसपास बारिश होने की संभावना है।

बिहार में कल मौसम कैसा रहेगा?

बिहार में मौसम का रुख बेहद खुशनुमा है। पिछले कई दिनों से जारी बारिश के कारण कोसी, गंडक और बूढ़ी नदियां समेत अधिकतर नदियां बाढ़ की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने अगले 2 से 4 दिन तक पटना, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधुबनी, वैशाली, सीतामढ़ी, रक्सौल, गयाजी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पश्चिमी और पूर्वी चंपारण में मेघ गर्जन के साथ ठनका गिरने और बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

पहाड़ों में मानसूनी बारिश ने तबाही मचाकर रखा है। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अत्यधिक बारिश के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित है। शनिवार को सुबह कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी बढोगी गांव की ऊंची पहाड़ी में भी बादल फट जाने से 4 पुल बह गए और किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं। भारी बारिश के कारण तमाम नदी और नाले उफान पर हैं। कई बाधों से पानी छोड़ा गया है। कमोबेश ऐसी ही बारिश उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, रूद्र प्रयाग और चामोली में गरज चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। इस दौरान कई स्थानों पर बादल फटने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी है।

मुंबई में कैसा है मौसम?

महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तेज तो कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिल रही है। खासकर, सूखाग्रस्त मराठवाड़ा में 48 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। हिंगोली, परभणी और नांदेड के 6 मंडलों में अधिक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई में फिलहाल बारिश का स्तर कम होगा, लेकिन 11 से 12 के तक इसमें तेजी आने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article