शहर

आज का मौसम : एसी-कूलर कर लो बंद; आने वाली है कड़ाके की ठंड! गिरेगी बिजली होगी झमाझम बरसात

Aaj Ka Mausam, 09 अक्टूबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : पश्चिमी विभोक्ष की सक्रियता से जारी मौसमी गतिविधियों के चलते उत्तर भारत में तापमान तेजी से गिरा है, जिससे गर्मी से काफी राहत मिली और लोगों को सुबह-शाम ठंडक का एहसास हो रहा है। आईएमडी ने 13 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश एवं बर्फबारी होने से सर्दी बढ़ने की संभावना जताई। वहीं, दिल्ली, यूपी, बिहार और हरियाणा-पंजाब में तेज हवाएं व बारिश के चलते तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी।

Image

कल का मौसम

आज का मौसम कैसा रहेगा 09 अक्टूबर 2025 : उत्तर भारत में बादलों की मेहरबानी से तापमान धड़ाम हो गया है। पिछले 2-3 दिन से जारी मौसमी गतिविधियों के चलते गर्मी का काम तमाम हो चला है। आईएमडी की मानें तो कुछ राज्यों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंडक का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने बुधवार से लेकर शुक्रवार तक दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज आंधीनुमा हवाओं के साथ बारिश के दस्तक देने की बात कही है। ऐसे में ठंडी हवाओं से फिजाओं में ठंडक घुलेगी और सुबह-शाम गुलाबी सर्दी का एहसास होगा। अगर, ऐसा ही मौसम रहा तो दिवाली तक लोगों को एसी कूलर बंद करने पड़ सकते हैं। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से बारिश एवं बर्फबारी की चेतावनी है, जिससे सर्दी की एंट्री संभव है। अगले 24 घंटे के दौरान नए वेदर सिस्टम के बनने से महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में मध्यम वर्षा की अनुमान जताया गया है। वहीं, ओडिशा, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल में चक्रवाती हवाओं के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।

उत्तर प्रदेश में कल कैसा रहेगा मौसम

यूपी में तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश ने फिजाओं में ठंडक घोल दी है। बादल अक्टूबर माह में बारिश के कोटे से बरस चुके हैं, जिससे मौसम का मिजाज एकदम बदल गया है। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल के हिस्सों में हुई झमाझम बारिश से लोगों ने एसी कूलर बंद कर दिए हैं। सुबह और शाम तापमान गिरने से ठंडक का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अभी छिटपुट मौसमी एक्टिविटी हो सकती हैं, लेकिन ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और ओस का असर बढ़ेगा। आईएमडी की मानें तो दिवाली तक न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री और अधिकतम 30 से नीचे पहुंच जाएगा, जिसके बाद सर्दी की दस्तक हो जाएगी।

दिल्ली कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश के बाद तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 9 अक्टूबर से लेकर 13 अक्टूबर तक मौसम सामान्य और आसमान साफ रहेगा। 8 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक ठंड बढ़ने के आसार कम हैं। हालांकि, तापमान सामान्य रहेगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। दिल्ली के मौसम में आए बदलाव से तापमान में भी तेज गिरावट आई तो शहर का पॉल्यूशन लेवल भी गिरा है।

बिहार में मौसम की मार

बिहार में मौसम की मार से तापमान का लेवल गिरा है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। तेज हवाओं के साथ बौछारें गिरने से तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक डाउन हुआ, जिससे रात में हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। आईएमडी ने अगले 24 घंटे के दौरान चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 12 जिलों में मौसमी गतिविधियां होने का अलर्ट है। इस दौरान जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, खगड़िया, पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया और किशनगंज के कुछ हिस्सों में आंधी के साथ आकाशीय बिजली यानी ठनका के साथ बारिश को लेकर चेतावनी है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली19°C26°C
मुंबई26°C30°C
जयपुर19°C27°C
भोपाल18°C29°C
लखनऊ22°C31°C
पटना26°C31°C
देहरादून14°C23°C
शिमला7°C18°C
कश्मीर2°C12°C
बेंगलुरु21°C27°C
चेन्नई26°C32°C

राजस्थान में मौसम का हाल

राजस्थान में हाल में भारी बारिश होने और तेज हवाएं चलने से तापमान में अच्छी खासी गिरावट आई है। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, अगले 24 घंटे में हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में तीन से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हो सकता है अगले कुछ घंटों में बारिश की संभावना है। हालांकि, आगामी दो सप्ताह के दौरान राज्य के अधिकतर भागों में मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी

पहाड़ी राज्यों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी के डबल अटैक ने पारा गिरा दिया है, जिससे लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तराखंड के देहरादून, हेमकुंड साहिब में सीजन की पहली बर्फबारी से तापमान लुढ़क गया। आईएमडी ने ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। उधर, हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति, कुल्लू और चंबा के ऊंचे इलाकों में पिछले 4 दिनों से जारी बर्फबारी के कारण ठंडी बढ़ गई है। अगले 24 घंटे के दौरान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तापमान गिरने की चेतावनी है। केलांग में तापमान -1 डिग्री पहुंच गया है। उधर, कश्मीर के कुछ हिस्सों में बर्फबारी से तापमान 2 डिग्री सेल्सियस को टच कर गया है, जिससे अब सर्दी की एंट्री होने के आसार हैं।

दक्षिण भारत में आईएमडी का अलर्ट

तमिलनाडु के 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। अगले 24 घंटों में तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप के तटीय इलाकों में तेज़ हवाएं चलने की संभावना जताई गई है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। आईएमडी ने बताया कि बुधवार को नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, डिंडीगुल, इरोड, कृष्णागिरी, धर्मपुरी, सलेम, नमक्कल और तिरुपत्तूर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है, जो कभी-कभी 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मुंबई का मौसम

महाराष्ट्र में मौसमी गतिविधियां होने के चांस हैं। हालांकि, 8 अक्टूबर को मानसून वापस होने की तिथि है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 दिन तक हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं, जिससे बढ़ा हुआ तापमान कंट्रोल होगा। कमोबेश ऐसी ही बारिश राज्य के अन्य हिस्सों में दर्ज की जाएगी। उधर, गुजरात के विभिन्न हिस्सों में मौसम की मार रहेगी।


FAQs

दिल्ली में कितना प्रदूषण?

दिल्ली में बारिश से पॉल्यूशन लेवल गिरा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शहर की वायु गुणवत्ता शाम चार बजे “संतोषजनक” श्रेणी में दर्ज की गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 73 था। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 तक एक्यूआई “अच्छा”, 51 से 100 तक “संतोषजनक”, 101 से 200 तक “मध्यम”, 201 से 300 तक “खराब”, 301 से 400 तक “बहुत खराब” और 401 से 500 तक “गंभीर” माना जाता है।

ठंड कब से शुरू होगी

अक्टूबर के शुरुआती दिनों से मौसमी गतिविधियां होने 15 अक्टूबर तक या दिवाली के आसपास से गुलाबी सर्दी का दौर शुरू हो जाएगा। हालांकि, अच्छी खासी ठंड का मौसम मध्य नवंबर से शुरू होगा, क्योंकि ला नीना (La Niña) की स्थिति बनने की संभावना है। यह दौर फरवरी के मध्य तक जारी रह सकता है।

सर्दी का मौसम कब आएगा?

मौसम विज्ञान के अनुसार अक्टूबर के मध्य यानी दीपावली तक हल्की गुलाबी सर्दी का एहसास होना शुरू होगा और यह सिलसिला फरवरी 2026 के अंत तक रह सकता है।

कल बारिश होगी या नहीं?

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से उत्तर भारत के दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू में मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।

कल दोपहर का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में वेदर एक्टिविटी होने से बारिश होगी और कल दोपहर को बादल छाए रहेंगे, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे दिन और रात्रि के न्यूनतम तापमान कमी आएगी और लोगों को ठंडक का एहसास होगा।

ऑरेंज येलो और ग्रीन अलर्ट क्या होता है?

मानसूनी सीजन में अधिकतर येलो, ऑरेंज, रेड और ग्रीन अलर्ट का जिक्र होता है। मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए 4 रंगों का उपयोग करता है। ये रंग और इनके संदेश.... ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) हैं। इस हिसाब से लोगों से अपील की जाती है बचाव एवं सुरक्षा के उपाय पेश किए जाते हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article