Aaj Ka Mausam ( आज का मौसम कैसा रहेगा 07 अगस्त 2025) : उत्तर भारत में मानसूनी गतिविधिया थोड़ा सुस्त पड़ सकती हैं। साइक्लोनिक सर्कुलेन के कमजोर होने से बादलों का रुख थोड़ा नर्म पड़ेगा और उमस का स्तर बढ़ सकता है, लेकिन अधिकतर राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 9 अगस्त के बाद एक बार फिर से मानसून रफ्तार पकड़ेगा। 7 अगस्त गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जाएगी। खराब मौसम के दौरान गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। लिहाजा, लोगों को सावधान रहने की जरूरत होगी। स्काईमेट के मुताबिक, पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आफत की बरसात हो सकती है! कहीं-कहीं बादल फटने जैसी समस्याएं और बाढ़ से मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर के असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, मेघालय और नागालैंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उधर, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, रायलसीमा, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, हैदराबाद, छत्तीसगढ़ और मराठवाड़ा-महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की गई है, लेकिन गुजरात और गोवा के कुछ हिस्सों में सूखे जैसी स्थिति रहेगी।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| शिमला | 18 °C | 23 °C |
| देहरादून | 23 °C | 27 °C |
| जम्मू-कश्मीर | 11 °C | 17 °C |
| चंडीगढ़ | 26 °C | 31 °C |
| दिल्ली | 27 °C | 33 °C |
| जयपुर | 25 °C | 32 °C |
| भोपाल | 23 °C | 30 °C |
| लखनऊ | 26 °C | 30 °C |
| पटना | 27 °C | 32 °C |
| चेन्नई | 28 °C | 32 °C |
| हैदराबाद | 24 °C | 32 °C |
दिल्ली कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर सूरज और बादलों के बीच लुका छिपी का खेल जारी है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश की संभावना बेहद कम नजर आ रही है। हालांकि, आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच हल्की से मध्यम हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 7 अगस्त को अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और 25 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। इस दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी तापमान को डाउन कर सकती है।
यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश इन दिनों मानसूनी आफत की चपेट में है। पिछले कई दिनों से भारी बारिश के कारण जनजीवन पर बुरा प्रभाव पड़ा है। खासकर, तराई वाले क्षेत्रों में बाढ़ की स्थितियां बनी रहने से लोग खासी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत और शाहजहांपुर में अगले 24 घंटों के दौरान आंधी-बारिश का अलर्ट घोषित किया है। पहाड़ों और मैदानी इलाकों में अत्यधिक वर्षा के कारण इन जिलों में प्रवाहित नदियों में बाढ़ का ऑरेंज अलर्ट है। फिलहाल, गंगा, यमुना, रामगंगा, शारदा, घाघरा समेत राप्ती और बुंदेलखंड में केन एवं बेतवा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे तराई के क्षेत्र काफी प्रभावित हैं। आईएमडी ने बदायूं, संभल, अमरोहा, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बस्ती, बलरामपुर और श्रावस्ती समेत अन्य जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है और कई जिलों में खराब मौसम के दौरान वज्रपात की संभावना जताई है।
बिहार में कल का मौसम
बिहार के लिए मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। खासकर, सुपौल, भागलपुर, अररिया, किशनगंज, मधुबनी, जमुई, बांका, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, पूर्णिया, मधेपुरा, सीतामढ़ी और शिवहर में मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं और ठनका गिरने का अलर्ट है। इस दौरान कहीं तेज तो कहीं बहुत तेज बारिश हो सकती है। लिहाजा, लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। उधर, नेपाल और बिहार के विभिन्न हिस्सों में जारी बारिश के कारण गंडक, सोन, कोसी और बागमती के साथ कई अन्य छोटी बड़ी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के आसपास बना हुआ है, जिससे तराई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात हैं।
उत्तराखंड का मौसम कैसा है?
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से तबाही वाली बरसात हो रही है। अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलो में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। मंगलवार को उत्तराकाशी में बादल फटने की घटना के बाद आशंकाएं और बढ़ गई हैं। आईएमडी ने नैनीताल, चंपावत, देहरादून, उधमसिंहनगर और बागेश्वर में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया है। खराब मौसम के मद्देनजर 9 जिलों में छुट्टी का आदेश जारी किया गया है। पौड़ी, अल्मोड़ा, बागेश्वर में क्लास 1 से 12वीं तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। वहीं केदारघाटी से आने वाली मन्दाकिनी और अलकनंदा नदियां उफान पर हैं।
राजस्थान में मौसम का हाल
राजस्थान में सावन के आखिरी दिन तक मानसूनी बारिश की गति में थोड़ी कमी आने वाली है। 8 अगस्त को मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में एक चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है और इसके पश्चिम की ओर बढ़ने की बात कही जा रही है। लिहाजा, 9 से 12 अगस्त के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि चुरू, अजमेर, जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, गंगानगर, झूंझनू, कोटा, चित्तौड़गढ़, सीकर, दौसा, बाड़मेर और जैसलमेर में मौसमी बारिश में कमी आने से तापमाम में थोड़ी वृद्धि संभव है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी परेशान कर सकती है। हालांकि, 15 अगस्त के बाद मौसमी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम कैसा है?
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश भी बादलों के कहर से प्रभावित है। पिछले कई दिनों से लगातार मानसूनी बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों में हालात आसामान्य हैं, जिससे लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में 12 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ऊना, चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन और शिमला में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ अत्यधिक बारिश और आकाशीय बिजली कड़कने की चेतावनी है। मंडी और कुल्लू, मनाली जिलों में बारिश के कारण ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कई जगह लैंडस्लाइड से मुख्य मार्ग प्रभावित हैं। कमोबेश ऐसी ही जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में दर्ज की जा रही है।
हरियाणा-पंजाब का मौसम कैसा है?
हरियाणा और पंजाब में मौसमी बारिश की गति थोड़ी धीमी पड़ती दिखाई दे रही है। फिर भी मौसम विभाग ने हरियाणा के 10 जिलों में आज और कल गरज चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इस दौरान यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, चारखी, दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, भिवानी, फरीदाबाद और गुरुग्राम में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, पंजाब के कई जिलों में मौसमी गतिविधियां मौसम को सुहावना बना सकती हैं।
