शहर

जोधपुर में दहेज उत्पीड़न से तंग आकर स्कूल लेक्चरर ने तीन साल की मासूम बेटी संग दी जान।

जोधपुर ज़िले में महिला लेक्चरर संजू बिश्नोई ने अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ आत्मदाह कर लिया। सुसाइड नोट में उन्होंने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न व प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। घटना में बच्ची की मौके पर मौत हो गई, जबकि संजू ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। मायके पक्ष की शिकायत पर पति व ससुराल वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।

Image

जोधपुर में दहेज उत्पीड़न से तंग आकर स्कूल लेक्चरर ने तीन साल की मासूम बेटी संग दी जान।

ग्रेटर नोएडा के निक्की मर्डर केस के बाद राजस्थान के जोधपुर में भी एक विवाहिता दहेज के लिए मौत की भेंट चढ़ गई। हालांकि, इस केस में महिला ने खुद ही अपने आपको आग के हवाले कर दिया। यही नहीं, साथ में अपने मासूम बेटी को भी उसने आग लगा दी थी, जिससे दोनों की मौत हो गई।

जोधपुर ज़िले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक स्कूल लेक्चरर संजू बिश्नोई ने अपनी तीन साल की मासूम बेटी यशस्वी के साथ आग लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना डांगियावास थाना क्षेत्र के सारनाडा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, संजू शुक्रवार दोपहर स्कूल से घर लौटी थीं। घर पहुंचते ही उन्होंने पेट्रोल डालकर खुद और बेटी को आग लगा ली। जब तक पड़ोसी धुआं देखकर मौके पर पहुंचे, तब तक बचाने का कोई मौका नहीं बचा था।

इस हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजू गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

“शव को लेकर विवाद”

संजू की मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बीच शव को लेकर विवाद भी हुआ। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव मायके पक्ष को सौंपा। इसके बाद मां और बेटी का अंतिम संस्कार साथ में किया गया।

“ससुराल पर गंभीर आरोप”

महिला के पिता ओमाराम बिश्नोई ने अपने दामाद दिलीप बिश्नोई, सास-ससुर और ननद पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनकी शिकायत पर पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

“सुसाइड नोट में चौंकाने वाले खुलासे”

पुलिस जांच के दौरान एफएसएल टीम ने संजू का मोबाइल ज़ब्त किया, जिसमें से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें संजू ने पति और ससुराल वालों के साथ-साथ एक अन्य शख्स गणपत सिंह का भी नाम लिया है। संजू का आरोप है कि गणपत सिंह भी उसे प्रताड़ित करता था।

वहीं सूत्रों का दावा है कि गणपत सिंह और संजू का पति दोनों मिलकर उसे शारीरिक रूप से परेशान करते थे। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और गणपत सिंह की तलाश जारी है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article