Vinod Tawde: बीजेपी यूपी प्रभारी विनोद तावड़े पूरी तरह से चुनावी मोड़ में आ चुके हैं। 16 से लेकर 22 सितंबर को विनोद तावड़े यूपी दौरे पर जाने वाले हैं। इस दौरे के दौरान तावड़े 3 क्षेत्रों का दौरा करेंगे जिनमें तकरीबन 15 जिलों के दौरे का कार्यक्रम है। सूत्रों के मुताबिक विनोद तावड़े गणपति उत्सव के बाद लखनऊ शिफ्ट हो जायेंगे। लखनऊ में विनोद तावड़े के लिए आवास भी देखा जा रहा है। जहां वो विधानसभा चुनावों तक रह सकें और पार्टी की रणनीति बना सके। इसके अलावा टिकट के लिए दिल्ली आने वाले यूपी के नेताओं को विनोद तावड़े ने साफ संदेश दिया है अपने अपने क्षेत्र में काम करें दिल्ली ना आएं। तावड़े ने संदेश दिया कि 'दिल्ली आए तो नंबर कम, बूथ पर दिखे तो नंबर ज्यादा'।
रणनीति को धार देना शुरू
दरअसल, उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है नजर लगातार तीसरी जीत पर है। इसी रणनीति के तहत बीजेपी ने अपने सबसे कद्दावर रणनीतिकार विनोद तावड़े को यूपी की कमान सौंपी है। विनोद तावड़े 5 सितंबर 2026 से दो-दिवसीय लखनऊ दौरे पर थे, जहां वे जमीनी संगठन, बूथ स्तर की तैयारियों और 'मिशन 2027' के लिए रणनीतिक मंथन किया।
सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
उनका फोकस मुख्य रूप से सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर है। लखनऊ पहुंचने के बाद तावड़े ने कहा था कि एनडीए आगामी चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगा और फिर से अगले 5 साल के लिए जनता की सेवा के लिए खुद को समर्पित करेंगे। इसके लिए हम सब वचनबद्ध हैं।
प्रदेश पदाधिकारियों तावड़े ने दिया क्या संदेश?
विनोद तावड़े ने पदाधिकारियों से सीधे संवाद के बाद 2027 विधानसभा चुनावों के लिए एक विस्तृत गाइडलाइन और रोडमैप सौंपा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में भाजपा कोर कमेटी की बैठक में राज्य में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी रैलियों, बड़े विकास प्रोजेक्ट्स के लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रमों और सरकार-संगठन के समन्वय पर अंतिम फैसला लिया गया। तावड़े ने सभी प्रदेश महामंत्रियों और क्षेत्रीय प्रभारियों से उनके सितंबर महीने के प्रवास का शेड्यूल मांगा है। अधिकारियों को केवल औपचारिक दौरों के बजाय क्षेत्रों में रात्रि विश्राम करने के निर्देश दिए गए हैं। तावड़े का संदेश साफ है कि कार्यकर्ता और नेता दिन-रात चुनाव के लिए एकजुट हो जाएं।
