शहर

'यह कैसा प्रशासन और मुख्यमंत्री है? बिहार में 'लॉ एंड ऑर्डर' पर तेज प्रताप यादव ने सम्राट चौधरी पर साधा निशाना; नीतीश कुमार पर क्या बोले

बिहार सरकार की ओर से आरजेडी नेताओं की सुरक्षा में कटौती पर जनशक्ति जनता दल (JJD) अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सम्राट चौधरी पर बदले की भावना से काम करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ये सब नीतीश कुमार के इशारे पर किया जा रहा है।

Image

JJD अध्यक्ष तेज प्रताप यादव

पटना : बिहार में नई सरकार बनने के बाद कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार अपराधियों के बढ़ते हौसले और हत्याओं से राजनीतिक बयानबाजी तेज है। हालांकि, नए मुख्यमंत्री ने बिहार में अपराध करने वाले को सबक सिखाने की बात कर रहे हैं। उधर, विपक्ष यानी आरजेडी नेताओं की सुरक्षा में कटौती के बाद उनपर बदले की भावना से काम करने के आरोप लग रहे हैं। पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू यादव की सुरक्षा हटा ली गई। इस पर बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और JJD अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सवालिया निशान लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठकर नीतीश कुमार ही सबकुछ करवा रहे हैं।

तेज प्रताप ने लौटाई सुरक्षा

जनशक्ति जनता दल (JJD) अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कहा कि सुरक्षा में कटौती क्यों की जा रही है, हमें नहीं पता। आरोप लगाए कि दिल्ली में बैठे नीतीश कुमार के पास काम नहीं है। उनका वहां मन नहीं लग रहा है इसलिए बिहार में बदले की भावना से काम करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सुरक्षा में कटौती की गई, लेकिन उनके बेटे निशांत की सुरक्षा क्यों बढ़ाई गई। क्या वे चुनाव जीतकर मंत्री बने हैं? तेज प्रताप ने कहा कि हमने अपनी सुरक्षा लौटा दी है। बिहार में अपराधी कोहराम मचा रहे हैं और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बस देख रहे हैं। वह कुछ नहीं कर पा रहे हैं और उनसे कुछ होने भी वाला नहीं है। बिहार में कानून-व्यवस्था फेल हो गई है। यह कैसा प्रशासन और मुख्यमंत्री है?... बिहार की आम जनता खुश नहीं है। हमारी बहुएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। हमारी बहुओं और बेटियों को सुरक्षा की ज़रूरत है, हमें नहीं।

तेज प्रताप ने रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की हत्या को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नेपाल में उनकी हत्या किसके इशारे पर हुई। प्रिंस बेकसूर थे उनका अपराध तो कोई बताए।

सीएम सम्राट क्या बोले

आपको बता दें कि सीएम सम्राट चौधरी ने कहा था कि जो भी बिहार में गुंडागर्दी करेगा, उसे 48 घंटे के अंदर कानून के दायरे में लाया जाएगा। वैसे 90 फीसदी अपराधी तो यहीं पकड़ लिए जाएंगे और जो 10 फीसदी बचकर भागने की सोच रहे हैं, उनके लिए भी रास्ते आसान नहीं हैं। नेपाल जाएंगे तो सीमा पर नजर है, और बनारस पहुंच गए तो वहां योगी आदित्यनाथ की सरकार पहले से तैयार बैठी है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने डबल इंजन सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए दावा किया कि यहां तो बाबा-दादा ही अपराधी बन गए हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article