शहर

झारखंड में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और पिकअप की सीधी भिड़ंत, 7 लोगों की मौके पर ही मौत

Jharkhand Road Accident: झारखंड के रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। लारी गांव के पास एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने मुहर्रम जुलूस से लौट रहे ताशा पार्टी के पिकअप वाहन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

Image

रामगढ़-बोकारो हाईवे पर दर्दनाक एक्सीडेंट

Photo : Times Now Digital

Jharkhand Road Accident: झारखंड के रामगढ़ जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जिसने सभी को चौंका दिया है। यहां रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (Ramgarh Road Accident) पर एक तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन के बीच इतनी भीषण टक्कर हुई कि हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

यह दुर्घटना (Jharkhand Highway Accident) इतनी भयानक थी कि पिकअप गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है।

देर रात हुआ हादसा

यह दर्दनाक हादसा गुरुवार की देर रात करीब 11:30 बजे लारी गांव के पास स्थित होटल सम्राट के पास हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में ताशा पार्टी (बैंड-बाजा बजाने वाले) के लोग सवार थे। ये सभी लोग गोला इलाके में मुहर्रम के जुलूस में शामिल होने के बाद वापस रामगढ़ लौट रहे थे।

सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने मारी टक्कर

जैसे ही पिकअप वाहन होटल सम्राट के समीप पहुंचा, विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के भीतर बैठे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक सात लोग दम तोड़ चुके थे। रात के अंधेरे में चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर बेलगाम दौड़ते वाहनों और रफ्तार के कहर को उजागर कर दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा है। पुलिस पूरे मामले की जांच करने में जुटी हुई है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article