शहर

Bokaro News: 'प्रेमी को छोड़ो, नहीं तो कूद जाऊंगी!' आखिर 100 फीट ऊंचे टावर पर क्यों चढ़ी लड़की?

झारखंड के बोकारो जिले में एक 17 वर्षीय लड़की अपने प्रेमी की रिहाई और उससे शादी कराने की मांग को लेकर करीब 100 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। लड़की का प्रेमी अपहरण के आरोप में गिरफ्तार होकर न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है। घटना गोमिया थाना क्षेत्र के ढेंढे गांव की है, जहां पुलिस और प्रशासन ने करीब पांच घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लड़की को सुरक्षित नीचे उतारा। अधिकारियों के अनुसार, लड़की को अस्पताल भेजा गया और उसकी मांगों पर बातचीत का आश्वासन दिया गया। पुलिस ने बताया कि लड़की की मां की शिकायत के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया था।

Image

जेल में बंद बॉयफ्रेंड से शादी की जिद कर टावर पर चढ़ गई लड़की। AI IMAGE

झारखंड के बोकारो जिले में मंगलवार को 17 वर्षीय एक लड़की करीब 100 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और जेल में बंद अपने प्रेमी की रिहाई और उसके साथ अपनी शादी कराने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, लड़की की मां की शिकायत पर उसके प्रेमी (22) को उसका अपहरण करने के आरोप में कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गोमिया पुलिस थाना क्षेत्र के ढेंढे गांव में बने टावर पर चढ़ी लड़की को बचाने का अभियान पांच घंटे तक चला। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे टावर से उतारकर तेनुघाट स्थित अस्पताल भेजा गया है। बेरमो के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) रवींद्र कुमार सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, ’’हमने लड़की को सुरक्षित नीचे उतारा। उससे बातचीत की गई और भरोसा दिलाया गया कि उसकी मांगों पर गौर किया जाएगा। वह सुबह करीब 10 बजे टावर पर चढ़ी थी और दोपहर करीब तीन बजे उसे नीचे उतारा गया। उसे तुरंत तेनुघाट स्थित अस्पताल ले जाया गया।

इसके पहले, लड़की ने मांग की थी कि उसके प्रेमी को रिहा किया जाए और उसकी शादी उसी से कराई जाए।

प्रेमी को हिरासत में लिया गया

एसडीपीओ ने बताया कि कथित प्रेमी को कुछ दिन पहले लड़की के अपहरण के आरोप में गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने समचारा एजेंसी पीटीआई को बताया, "लड़की मंगलवार सुबह गोमिया के ढेंढे गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और अपनी मांग पूरी नहीं होने पर कूदने की धमकी देने लगी। वह पास के ललपनिया क्षेत्र की निवासी है।" उन्होंने कहा कि उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

ललपनिया थाना प्रभारी जयप्रकाश एक्का ने बताया कि लड़की की मां ने 18 जून को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसकी बेटी को उसके प्रेमी द्वारा अगवा किए जाने का आरोप लगाया गया था।

उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनों के रांची के सुखदेवनगर इलाके में होने का पता लगाया गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद लड़की को मुक्त कराकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी रांची का निवासी है और फिलहाल तेनुघाट जेल में बंद है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article