Jhansi Police Encounter: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी सुपारी किलर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस पर फायरिंग करते हुए थार गाड़ी से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, नवाबाद थाना क्षेत्र की टीम रात में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि 23 जुलाई को चर्चित 'द मेड किचन' रेस्टोरेंट हत्याकांड में शामिल सुपारी किलर झांसी-खजुराहो हाईवे से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए इलाके में घेराबंदी की और वाहनों की जांच शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान पुलिस को बिना नंबर की एक काले रंग की थार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
ग्राम प्रधान के बेटे की हत्या का आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू यादव के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक थार गाड़ी और तीन चेक भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र उर्फ जीतू यादव ने ग्राम प्रधान के बेटे संजय की हत्या की सुपारी ली थी। 23 जुलाई को नवाबाद थाना क्षेत्र में मुख्य चौराहे के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खा रहे संजय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था।
पुलिस इस चर्चित हत्याकांड में शामिल शूटर समेत तीन अन्य आरोपियों को पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फिलहाल घायल आरोपी का इलाज जारी है और पुलिस उससे पूछताछ कर हत्या की साजिश से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
