समस्तीपुर कांड को लेकर चिराग पासवान ने CM सम्राट चौधरी को घेरा है। चिराग पासवान ने कहा जब सरेआम बच्चियों के साथ ऐसी हरकतें होने लगे तो... उन्होंने मांग की है कि जमुई की तरह समस्तीपुर में भी आरोपियों का एनकाउंटर होना चाहिए। बिहार के जमुई के बाद समस्तीपुर में नाबालिग लड़की से बदसलूकी की घटना सामने आई है, इस पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की मांग है कि इस घटना के भी आरोपियों का एनकाउंटर हो।
उन्होंने कहा 'बिहार में जमुई के बाद अब समस्तीपुर में जो छेड़खानी की घटना सामने आई है वो बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि सरेआम बच्चियों के साथ अमानवीय व्यवहार कर रहे है , ये हम सभी के लिए चिंता का विषय है। जब सरेआम बच्चियों के साथ ऐसी हरकतें होने लगें, तो यह कानून-व्यवस्था और प्रशासन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस के इकबाल को क्या हो गया - जिला पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते।'
इस मामले में 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। लेकिन कार्रवाई यहीं नहीं रुकनी चाहिए। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी से मांग करता हूं कि इस घटना में संलिप्त हर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। जैसे जमुई की घटना में शामिल आरोपी का एनकाउंटर हुआ ठीक वैसे ही इस घटना के आरोपियों का भी एनकाउंटर हो ताकि अपराधियों में कानून का भय कायम हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: जमुई, समस्तीपुर और अब मधेपुरा... छात्राओं से बदसलूकी की घटनाओं पर उबल रहा बिहार, क्यों बेखौफ हैं लफंगे?
'जो भी दोषी है उसे कतई बख्शा नहीं जायेगा'
चिराग पासवान ने कहा कि 'जिस तरीके से जमुई अब समस्तीपुर शर्मनाक घटनाओं को कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा अंजाम दिया जा रहा है ये चिंता का विषय है और इनको गंभीरता से लेने की जरूरत है मैंने मुख्यमंत्री जी से बात की है जैसे जमुई के घटना में कार्यवाही की गयी ऐसे में जो भी दोषी है उसे कतई बख्शा नहीं जायेगा'
'बिहार की बेटियां बिहार में खुद को असुरक्षित महसूस नहीं करें'
उन्होंने आगे कहा कि 'लेकिन मेरी चिंता है ऐसी घटना घट क्यों रही है, स्थानीय प्रशासन को और ज्यादा मुस्तैद होने की जरूरत है और सुनिश्चित करने की जरूरत है बिहार की बेटियां बिहार में खुद को असुरक्षित महसूस नहीं करें। ऐसे में मुझे भी शर्म आती है बेटियां मेरे ही प्रदेश में इतनी असुरक्षित क्यों हैं? हम कोई अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते ऐसे में लापरवाह अफसरों को भी बख्शा नहीं जाएगा'
