शहर

Jamshedpur Triple Murder: गर्भवती बेटी, पत्नी और बेटे की हत्या कर लाश के पास बैठा रहा शख्स; खुद पुलिस को फोन कर बुलाया

जमशेदपुर के सिदगोड़ा में एक रिटायर्ड कर्मचारी ने हथौड़े और कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी, बेटे और गर्भवती बेटी की हत्या कर दी। आरोपी ने खुद पुलिस को सरेंडर किया और अपनी मानसिक स्थिति खराब होने का दावा किया है।

Image

तड़के 4 बजे हुई वारदात

Photo : Times Now Digital

Jamshedpur Triple Murder: झारखंड के औद्योगिक शहर जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर दिया। एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर संख्या L5-13 में एक रिटायर्ड कर्मचारी ने अपनी पत्नी, जवान बेटे और तीन महीने की गर्भवती बेटी की नृशंस हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।

कुल्हाड़ी और हथौड़े से किया वार

जानकारी के अनुसार, आरोपी रविंद्र सिंह ने सोमवार तड़के करीब 4 बजे इस वीभत्स घटना को अंजाम दिया। पुलिस को मौका-ए-वारदात से हथौड़ा और कुल्हाड़ी बरामद हुए हैं, जिनका उपयोग हत्या के लिए किया गया था। मृतकों की पहचान पत्नी सरिता सिंह (55), बेटी सुप्रिया सिंह (31) और बेटे अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। बेटी सुप्रिया गर्भवती थी, जिसके कारण इस हत्याकांड ने लोगों को और भी अधिक झकझोर दिया है।

खुद पुलिस को फोन कर बुलाया

हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रविंद्र सिंह कहीं भागा नहीं। उसने खुद पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो घर के अंदर का नजारा खौफनाक था; चारों ओर खून फैला हुआ था और आरोपी वहीं बैठा था। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।

"मानसिक स्थिति ठीक नहीं"– आरोपी का दावा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी रविंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। हालांकि, पड़ोसियों और रिश्तेदारों का कहना है कि रविवार रात तक परिवार में सब कुछ सामान्य था। देर रात तक सदस्यों की बातचीत रिश्तेदारों से हुई थी और किसी भी तरह के विवाद की कोई भनक नहीं थी। पड़ोसियों के अनुसार, पति-पत्नी के आपसी संबंध भी सामान्य दिखते थे, ऐसे में इस 'सडन आउटबर्स्ट' के पीछे की असली वजह क्या है, यह पुलिस के लिए जांच का विषय है।

विधायक ने जताया शोक, फॉरेंसिक जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक मौके पर पहुंचीं और इसे बेहद मार्मिक और हृदयविदारक घटना बताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गहन जांच और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। वर्तमान में फॉरेंसिक टीम और पुलिस हर पहलू से साक्ष्य जुटा रही है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article