शहर

Terrorist Attack: पहलगाम में घूमने गए कर्नाटक के दो लोगों की हत्या, आतंकियों ने पति को गोली मारकर पत्नी से कहा...

Pahalgam Terrorist Attack: पहलगाम में हुए आतंकी हमले में एक कारोबारी समेत कर्नाटक के दो लोगों की मौत हुई है। कारोबारी मंजूनाथ राव को आतंकियों ने उनकी पत्नी के सामने गोली मार दी, जबकि उन्होंने पत्नी को छोड़ दिया। वहीं एक अन्य शख्स भारत भूषण को भी आतंकियों ने गोली मारकर उनकी पत्नी और बच्चे को जाने दिया।

Image

कर्नाटक के दो लोगों की मौत

Pahalgam Terrorist Attack: पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में कर्नाटक के दो लोगों की मौत हो गई है। आतंकवादियों ने शिवमोगा के एक रियल एस्टेट कारोबारी मंजूनाथ राव की पहलगाम में हत्या कर दी। इस हमले में भारत भूषण नाम के व्यक्ति की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई। कारोबारी मंजूनाथ को आतंकियों ने उनकी पत्नी पल्लवी के सामने ही गोली मार दी। एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान पल्लवी ने बताया कि मैंने आतंकवादियों से कहा, मेरे पति को मार दिया, मुझे भी मार दो। जिस पर आतंकियों ने कहा तुम्हें नहीं मारेंगे, जाओ मोदी को बता दो। सूत्रों के अनुसार आतंकवादियों ने भारत भूषण नाम के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि उनकी पत्नी सुजाता और तीन वर्षीय बेटे को जाने दिया।

बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अभी-अभी बेंगलुरु के मट्टीकेरे की रहने वाली सुजाता से बात की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनके पति भारत भूषण की आज आतंकी हमले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह और उनका तीन साल का बेटा बच गए हैं।’’ भाजपा सांसद ने कहा कि उन्होंने अनंतनाग में उनके सुरक्षित रहने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें और अन्य परिवारों को जल्द से जल्द सुरक्षित बेंगलुरु लाया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के दो दलों को जम्मू-कश्मीर भेजा गया है। आयुक्त चेतन के नेतृत्व में खेल विभाग की एडवेंचर टीम भी रास्ते में है।

कारोबारी मंजूनाथ का आखिरी वीडियो

इस आतंकी हमले में मारे गए कारोबारी मंजूनाथ कर्नाटक के शिवमोगा के रहने वाले थे। वे अपनी पत्नी के साथ जम्मू-कश्मीर घूमने के लिए आए थे। उनका अपनी पत्नी के साथ अंतिम वीडियो भी सामने आया है, जो श्रीनगर की डल झील का है। इस वीडियो को उन्होंने ट्रेवल एक्सपीरियंस के तौर पर बनाया था। जिसमें वे अपने कश्मीर दौरे के बारे में बात कर रहे हैं। यह सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article