मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल में 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रात को हॉस्टल में सोया छठवीं कक्षा का छात्र सुबह बिस्तर से उठ ही नहीं सका। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने डॉक्टर को बुलाया, लेकिन तब तक छात्र की सांसें थम चुकी थीं। चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच के आधार पर हार्ट अटैक की आशंका जताई है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।
रात में सोया, सुबह अचेत अवस्था में मिला छात्र
मृतक छात्र की पहचान 13 वर्षीय सूर्यांश गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सूर्यांश पिछले करीब दो सालों से गुरुकुल स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 8:30 बजे हॉस्टल के सभी बच्चों को नियमानुसार सोने के लिए भेज दिया गया था। सुबह जब हॉस्टल स्टाफ द्वारा बच्चों को जगाया गया, तो सूर्यांश अपने बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिला। काफी आवाज देने और हिलाने-डुलाने के बाद भी जब उसमें कोई हलचल नहीं हुई, तो स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी मौत
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने आनन-फानन में डॉक्टर को बुलाया और छात्र को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इस घटना से गुस्साए और सदमे में डूबे परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से कहा था कि उसे तुरंत किसी अच्छे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करा दें। लेकिन जब हम संजय गांधी अस्पताल पहुंचे, तब जाकर पता चला कि यहां लाने से पहले ही सूर्यांश की मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस जांच में जुटी
13 वर्षीय छात्र की अचानक हुई मौत से गुरुकुल स्कूल और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। डॉक्टर ने शुरुआती तौर पर साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका व्यक्त की है, लेकिन मौत की असली और सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
