शहर

Danapur Crime News: सुबह घर से निकला युवक, बाइक सवार बदमाशों ने सिर में मार दी गोली

पटना के दानापुर में दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने घर के दरवाजे पर बिट्टू कुमार को गोली मार दी। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।

Image

दानापुर के खड़ंजा रोड में सुबह-सुबह हुई हत्या को लेकर स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। (Times Now Navbharat)

Bihar Crime News: बिहार की राजधानी पटना (Patna) में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। दानापुर (Danapur) इलाके में मंगलवार सुबह बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने युवक को उस वक्त निशाना बनाया, जब वह अपने घर से बाहर निकला था। अपराधियों ने उसके सिर में गोली मारी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घर के दरवाजे पर ही युवक को मारी गोली

मृतक की पहचान दानापुर के ताराचक निवासी बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे बिट्टू अपने घर से बाहर निकला था। वह जैसे ही घर के दरवाजे पर पहुंचा, तभी बाइक सवार अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने बिना किसी डर के बिट्टू पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली उसके सिर में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: चाइनीज मांझे ने काटा बाइक सवार का गला

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

गोली लगने के बाद बिट्टू गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी। काफी कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हत्या के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की है। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने वारदात से जुड़े सबूत जुटाने की कोशिश की। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बिट्टू कुमार की हत्या किस वजह से की गई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। बाइक सवार अपराधियों की पहचान करने के लिए भी जांच की जा रही है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article