शहर

नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर, ट्रक ने टेंपो को मारी जोरदार टक्कर; 8 महिला मजदूरों की मौत

महाराष्ट्र के जालना में नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टेम्पो को टक्कर मार दी, जिसमें 8 महिला मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे में 3 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की।

Image

फाइल फोटो

Jalna Road Accident: महाराष्ट्र के जालना जिले में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 8 महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि यह घटना एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम पूरा करने के बाद महिलाओं के एक समूह के घर लौटने के दौरान घटी। महाराष्ट्र के सीएम ने इस हादसे पर शोक जताया है और मुआवजे की भी घोषणा की है।

टेंपो में सवार थे 11 लोग

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ’’टेम्पो में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे। जैसे ही वाहन चलने वाला था, मुंबई की ओर जा रहे तेज रफ्तार एक ट्रक ने उसे कडवांची गांव में पीछे से टक्कर मार दी।" उन्होंने बताया कि सात महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य महिला ने जालना के सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अलकाबाई अदमाने (45), लक्ष्मीबाई मदन (35), मीणा अदमाने (45), कंचन अदमाने (50), ताराबाई चौधरी (60), कडुबाई मदन (55) और सुमन अदमाने (70) के रूप में की गई है। ये सभी जालना तहसील की रहने वाली हैं। फिलहाल आठवीं महिला की पहचान नहीं हो पाई है और तीन घायल व्यक्तियों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

ट्रक चालक को पुलिस ने पकड़ा

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज कर लिया गया। ट्रक के ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आठ व्यक्तियों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article