शहर

जयपुर में निर्माणाधीन इमारत पर बड़ा हादसा, मिट्टी ढहने से तीन महिला मजदूरों की मौत

Jaipur Tragedy: जयपुर के वैशाली नगर स्थित गांधी पथ पर निर्माणाधीन इमारत की खुदाई के दौरान मिट्टी ढहने से तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई। रेस्क्यू के बाद उन्हें एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

Image

पुलिस ने शुरू की जांच

Photo : Times Now Digital

Jaipur Tragedy: राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई। वैशाली नगर क्षेत्र (Jaipur News) के गांधी नगर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी ढह गई, जिससे वहां काम कर रही तीन महिलाएं उसके नीचे दब गईं। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। निर्माणाधीन भवन की नींव के लिए करीब 20 फीट गहरी खुदाई की जा चुकी थी। मौके पर मजदूर मिट्टी को समतल करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खुदाई वाली जगह की मिट्टी भरभराकर ढह गई और वहां काम कर रही तीन महिला मजदूर उसकी चपेट में आ गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अन्य मजदूरों ने तुरंत महिलाओं को बचाने की कोशिश शुरू की और प्रशासन को सूचना दी गई।

पुलिस ने मामले की जांच की शुरू

मौके पर पहुंची राहत टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से मलबा और मिट्टी हटाने का काम शुरू किया। करीब 20 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों महिलाओं को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सुनीता देवी, अनुती कुमारी और प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं पिछले लगभग चार महीने से इस निर्माण स्थल पर मजदूरी कर रही थीं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और कहीं लापरवाही तो इस दुर्घटना की वजह नहीं बनी। इस घटना ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article