जयपुर

फिल्म उदयपुर फाइल्स की रिलीज के बाद प्रोड्यूसर को जान से मारने की धमकियां; बोले- कन्हैयालाल जैसा करेंगे हश्र

फिल्म उदयपुर फाइल्स की रिलीज के बाद प्रोड्यूसर अमित जानी को विदेशी नंबरों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। जानी का कहना है कि धमकियां सीरिया, पाकिस्तान और ईरान जैसे देशों से आ रही हैं और देने वाले आतंकी संगठनों से जुड़े हैं। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि वे सच्चाई उजागर करने वाली फिल्में बनाना नहीं छोड़ेंगे।

Image

उदयपुर फाइल्स के निर्माता अमित जानी (फाइल फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Udaipur Files Controversy: फिल्म उदयपुर फाइल्स की रिलीज से पहले कई मुस्लिम संगठनों ने इसका विरोध किया था, लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट ने रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। इसके बाद फिल्म 8 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। रिलीज़ के बाद फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी को अलग-अलग विदेशी नंबरों से फोन कॉल पर जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। इस मामले में उन्होंने नोएडा पुलिस को लिखित शिकायत दी है।

अमित जानी ने बताया कि धमकी देने वाले कॉलर इस्लामिक देशों से बात कर रहे हैं और कह रहे हैं, “जो हश्र कन्हैयालाल का हुआ, वही तुम्हारा भी करेंगे… फिल्म का प्रचार करने कहीं गए तो गला काट देंगे, बम से उड़ा देंगे।” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से Y कैटेगरी की सुरक्षा मिलने के बावजूद यह लोग बेखौफ हैं। धमकियां सीरिया, पाकिस्तान, ईरान जैसे देशों से आ रही हैं और देने वाले किसी न किसी बड़े आतंकी संगठन से जुड़े हैं।

हाफिज सईद से हमदर्दी क्यों?

अमित जानी के अनुसार, आरोपियों का कहना है कि फिल्म में हाफिज सईद को गलत तरीके से दिखाया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि देश में कुछ लोगों को हाफिज सईद से इतनी हमदर्दी क्यों है। जानी का दावा है कि फिल्म में यह दिखाया गया है कि आतंकवाद की जड़ें कैसे तैयार होती हैं, उन्हें मदरसों और मस्जिदों से पैसा मिलता है और पाकिस्तान से टारगेट दिए जाते हैं।

NIA की चार्जशीट पर आधारित कहानी

अमित जानी बताया कि यह कहानी NIA की चार्जशीट पर आधारित है, जिसमें कन्हैयालाल हत्याकांड के आरोपियों के पाकिस्तान में ट्रेनिंग लेने का जिक्र है। उन्होंने कहा कि धमकी देने वालों के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पिक्चर पर अल बगदादी, आईएसआईएस और लादेन जैसे आतंकी सरगनाओं की तस्वीरें लगी हैं। इसके बावजूद वे डरने वाले नहीं हैं और ऐसी फिल्मों के जरिए सच्चाई लाते रहेंगे।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article