जयपुर

Kota: अपार्टमेंट में लगी आग, दम घुटने से दो मासूम भाइयों की मौत

राजस्थान के कोटा में बीती रात एक दर्दनाक घटना हुई, जहां दो मासूम भाइयों की धुएं से दम घुटने के कारण मौत हो गई। हादस के समय बच्चों के अलावा घर पर कोई नहीं था। धुआं निकलता देख कर पड़ोसियों ने पिता को बुलाया, जिसके बाद बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

Image

आग के बाद कमरे की हालत

Photo : Times Now Digital

Kota News: कोटा शहर में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अनंतपुरा थाना क्षेत्र स्थित दीपश्री अपार्टमेंट के एक फ्लैट में आग लगने से दो बच्चों की धुएं में दम घुटने से मौत हो गई। हादसे के वक्त दोनों बच्चे घर में अकेले थे।

यह घटना दीपश्री अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर बी-403 में रात करीब 2 बजे हुई। उस समय मां मुंबई गई हुई थीं और पिता जागरण में गए थे। आग लगने की सूचना पड़ोसियों को सबसे पहले मिली, जिसके बाद उन्होंने बच्चों के पिता जितेंद्र शर्मा को फोन कर मौके पर बुलाया। आनन-फानन में बच्चों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चों की पहचान 15 वर्षीय शौर्य शर्मा और 10 वर्षीय वीर शर्मा के रूप में हुई है। पिता जितेंद्र शर्मा कोचिंग फैकल्टी हैं।

पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और फ्लैट की वीडियोग्राफी करवाई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। जिस कमरे में बच्चे सो रहे थे, वहीं आग लगी और कुछ ही देर में पूरा कमरा धुएं से भर गया। कमरे की हालत देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे किसी ब्लास्ट के बाद आग फैली हो।

घटना के वक्त पड़ोसियों ने दौड़कर आग बुझाने की कोशिश की और बच्चों को बाहर निकालने में मदद की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कमरे में रखा एयर कंडीशनर, सोफा, टीवी और बाकी बिजली के उपकरण पूरी तरह जल चुके थे। बच्चों के शवों को मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम मां के मुंबई से लौटने के बाद किया जाएगा। इस बीच, पिता ने अपने दोनों बेटों के नेत्रदान किए हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article