जयपुर

Bharatpur: व्हीलचेयर पर आकर भी नहीं कम हुआ डॉ. जगवीर का जज्बा, अब भी करते हैं सर्जरी, जीतते हैं मेडल

सर्जन जगवीर, जिन्होंने 36 महीने पहले पुणे में एक साइक्लिंग रेस के दौरान दुर्घटना का सामना किया था, अब व्हीलचेयर पर आ गए हैं। हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित व्हीलचेयर रेस में उन्होंने एक स्वर्ण सहित तीन पदक जीते हैं।

Image

खेलों को लेकर भी वैसा ही जुनून (सांकेतिक तस्वीर|Canva)

Bharatpur: भरतपुर के प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. जगवीर सिंह की कहानी आत्मविश्वास की मिसाल है। एक ऐसा डॉक्टर जो कभी मैराथन धावक और साइक्लिंग चैंपियन था, आज व्हीलचेयर पर बैठकर भी न सिर्फ ऑपरेशन कर रहा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल जीतकर देश का नाम रोशन कर रहा है।

एक हादसा जिसने जीवन बदल दिया

27 नवंबर 2021 को पुणे में सहादरी क्लासिक साइक्लिंग रेस के दौरान डॉ. सिंह के साथ एक भीषण हादसा हो गया। अपहिल राइड पूरी करने के बाद जब वे डाउनहिल सेक्शन में थे, तब एक मोड़ पर उनकी साइकिल बिजली के पोल से टकरा गई। यह टक्कर इतनी गंभीर थी कि वे 17 दिन तक वेंटिलेटर पर रहे। इलाज के लिए अमेरिका तक जाना पड़ा, लेकिन रीढ़ की चोट इतनी गंभीर थी कि वे हमेशा के लिए व्हीलचेयर पर आ गए। डॉक्टरों ने साफ कर दिया कि कमर से नीचे का हिस्सा कभी काम नहीं करेगा।

खेलों से नहीं तोड़ा रिश्ता

60 वर्ष की उम्र में डॉ. सिंह ने पहली बार इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लिया। बेंगलुरु में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने 5000 मीटर व्हीलचेयर रेस में गोल्ड मेडल, 800 मीटर और 100 मीटर व्हीलचेयर रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीते। एक समय जो व्यक्ति खुद को पूरी तरह फिट मानता था, वह अब अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर नई पहचान बना रहा है।

अब भी करते हैं सर्जरी

भरतपुर में एमजे हॉस्पिटल चलाने वाले डॉ. सिंह आज भी उसी समर्पण से मरीजों का इलाज कर रहे हैं। उन्होंने अमेरिका से स्टैंडिंग व्हीलचेयर मंगवाई है, जिसकी मदद से वे जटिल सर्जरी भी सफलतापूर्वक कर पा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने स्पोर्ट्स व्हीलचेयर भी मंगवाई है, जिसकी मदद से वे अब व्हीलचेयर रेसिंग, हैंड साइक्लिंग और स्वीमिंग जैसी प्रतियोगिताओं में भी भाग ले रहे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article