जयपुर

Rajasthan Storm and Rain: दौसा में अंधड़ और मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, कई लोगों की मौत

राज्य के दौसा जिले में तेज अंधड़ और मूसलाधार बारिश ने जमकर भारी तबाही मचाई। पेड़, बिजली के पोल, मकान और टोल बूथ धराशायी हो गए, जिससे यातायात और बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अंधड़ और बारिश में दो लोगों की मौत और कई घायल हुए। प्रशासन राहत और मरम्मत कार्यों में जुटा है।

Image

दौसा में बारिश और आंधी से तबाही

Photo : Times Now Digital

राजस्थान के दौसा जिले में कल रविवार 6 जुलाई की रात आए तेज अंधड़ और मूसलाधार बारिश ने चार घंटे तक पूरे इलाके में भारी तबाही मचाई। जिले के कई हिस्सों में पेड़ उखड़ गए, बिजली के पोल गिर गए और छप्पर वाले मकान उड़ गए। इस अंधड़ में पक्के मकानों को भी काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे यहां जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। अंधड़ के कारण जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे आम लोगों को अंधेरे में समय बिताना पड़ा।

नेशनल हाईवे-21 और अन्य स्टेट हाईवे पर भी जगह-जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। अलवर-गंगापुर मेगा हाईवे पर बिजली की लाइन और पेड़ों के गिरने से ट्रैफिक बाधित हो गया। स्कूल बसें समय पर नहीं पहुंच सकीं, जिससे बच्चों को स्कूल नहीं ले जाया जा सका।

प्राकृतिक आपदा के चलते दो लोगों की मौत हो गई। मित्रपुरा गांव में दीवार गिरने से हंसा देवी और कुशाला का बास में कानाराम की मौत हो गई। इस हादसे में कैलाशी और सुरेश नामक दो लोग घायल ह गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

dausa-flood

दौसा में बाढ़ से टूटी सड़क

यहां के भांडारेज इंटरचेंज पर टोल बूथ और सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। एक मोबाइल टॉवर भी गिर गया और विज्ञापन साइट्स तबाह हो गईं। सैंथल सागर बांध में पहली बार पानी पहुंचने से किसानों को थोड़ी राहत की उम्मीद है। नांगल चापा से सूरवाल मार्ग की सड़क बह जाने से संपर्क टूट गया है।

प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल राहत कार्यों में जुटे हैं, लेकिन हालात सामान्य होने में समय लग सकता है। दौसा जिला कलेक्टर ने पीड़ितों से मुलाकात कर सहायता का भरोसा दिलाया है। अब लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र ही स्थिति को नियंत्रित कर जनजीवन पटरी पर लौटाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article