जयपुर

Rajasthan Weather Today: कड़ाके की ठंड से कांपा राजस्थान, नए साल पर कोल्ड डे और कोहरे का डबल अटैक

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में भीषण ठंड का कहर जारी है। यहां शीतलहर और कोहरा लोगों के लिए मुसीबत बन रहा है। प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने आज कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। बढ़ती ठंड में बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दी गई है।

Image

राजस्थान में मौसम का हाल

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में नए साल की शुरुआत कोहरे के साथ हुई है। प्रदेश में ठंड कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। नए साल के पहले ही दिन प्रदेश के कई जिलों में कोल्ड डे और कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में कमी आई है। राजस्थान के लोग ठंड से बचने के लिए अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं। यहां लोग कंबल और रजाई छोड़कर बाहर नहीं जाना चाहते हैं। सुबह के समय कई स्थानों पर घना कोहरा छाए होने के कारण दृश्यता कम बनी हुई है, जिसके कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। सड़क के साथ रेल यातायात पर भी कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। ट्रेनों की गति धीमी हो गई हैं, जिस कारण ट्रेनें देर से चल रही हैं।

रात से अधिक ठंड दिन में

सर्दियों की रातें बहुत ठंडी होती है, लेकिन राजस्थान में रातों से अधिक ठंडा दिन बना हुआ है। यहां दिन का तापमान रात जितना ही दर्ज किया जा रहा है। लेकिन शीतलहर और कोहरे के कारण दिन में अधिक ठंड महसूस की जा रही है। धूप न निकलने के कारण भी लोगों को ठिठुरता हुआ देखा जा रहा है। राजस्थान के लोग धूप निकलने की राह देख रहे हैं ताकि उन्हें सर्दी से थोड़ी राहत मिले। यहां लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। 31 दिसंबर 2024 को प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1-2 डिग्री नहीं, पूरे 7.8 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया।

राजस्थान में कोल्ड डे का अलर्ट

मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों में कोल्ड डे के विभिन्न अलर्ट जारी किए हैं। कहीं ऑरेंज अलर्ट है तो कहीं येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और झुंझुनू में सर्द दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उसके अलावा सीकर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, दौसा, जयपुर, नागौर, अजमेर में कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी

कोल्ड डे के साथ कई जिलों में कोहरे का भी अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलो में बीकानेर, सीकर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, दौसा, बूंदी और बारां शामिल हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article