Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 13-July-2025: राजस्थान में मानसून एक्टिव है और झमाझम बारिश भी दर्ज की जा रही है। बंगाल की खाड़ी से बने सिस्टम और ट्रफ लाइन के स्थिर रहने के कारण यहां लगातार बारिश हो रही है। आज भी राजस्थान के 30 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मानसून का प्रभाव अधिक देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में राजस्थान में सबसे अधिक बारिश झालावाड़ के मनोहर थाना में 108 मिमी दर्ज की गई। झालावाड़ के अलावा करौली, धौलपुर और अलवर में भी तेज बारिश हुई।
राजस्थान के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
राजस्थान में आज कोटा, सवाई माधोपुर, बूंदी, झालावाड़, बारां, अजमेर, टोंक,चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, पाली, जोधपुर और राजसमंद में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गंगानगर, हनुमानगढ़ और जैसलमेर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का येलो अलर्ट है। वहीं 14 जुलाई को राजसमंद, चित्तौड़गढ़, पाली, जोधपुर, भीलवाड़ा, सिरोही, जालोर और उदयपुर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बारां और झालावाड़ को छोड़कर प्रदेश के शेष सभी हिस्सों में येलो अलर्ट है।
राजस्थान में कहां-कितनी हुई बारिश
राजस्थान में पिछले 24 घंटों में झालावाड़ में के मनोहर थाना में 108 मिमी, धौलपुर के सैंपऊ में 50 मिमी, बांसवाड़ा के सलोपत में 35 मिमी, भरतपुर के नगर में 38 मिमी, गंगानगर के केसरीसिंहपुर में 31 मिमी, उदयपुर में 36 मिमी और अलवर के थानागाजी में 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा चित्तौड़गढ़, सिरोही, प्रतापगढ़, करौली समेत कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई।
जयपुर में कैसा रहा मौसम
राजस्थान की राजधानी जयपुर में शनिवार को मिलाजुला मौसम रहा। दिन में आसमान में हल्के बादल छाए रहे और कई जगहों पर बूंदाबांदी भी देखने को मिली। इस बीच कुछ देर के लिए सूरज ने भी दर्शन दिए। जयपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज भी जयपुर में बारिश की संभावना जताई गई है।
