जयपुर

Jaipur: पर्यटकों के लिए अच्छी खबर! अब राजस्थान की सैर उड़न खटोले से, पर्यटन विभाग की है ये तैयारी

  • Produced by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 1, 2022, 03:01 PM IST

Jaipur : राजस्थान के मुख्य पर्यटक स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की कवायद शुरू हो गई है। इसे लेकर आरटीडीसी के निदेशक मंडल की बैठक हुई। आरटीडीसी के चेयरपर्सपन धर्मेंद्र राठौड़ के मुताबिक पर्यटकों के लिए एयर टैक्सी सर्विस जल्द शुरू की जाएगी। जिसमें यहां आने वाले पर्यटक हेलीकॉप्टर के जरिए प्रदेश को निहार सकेंगे।

Image

जयपुर में अब टूरिस्ट निहारेंगे राजस्थान को उड़न खटोले में बैठकर (फाइल फोटो)

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • आरटीडीसी टूरिस्टों के लिए राजस्थान में शुरू करेगा हेलीकॉप्टर सर्विस
  • पर्यटक राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों को निहारेंगे आसमान से
  • टूरिस्टों को कार के जरिए भी आरटीडीसी करवाएगा राजस्थान का भ्रमण

Jaipur : राजस्थान भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों के लिए एक अच्छी खबर है। अब तक यहां आने वाले टूरिस्ट लग्जरी ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स के जरिए प्रदेश के मुख्य पर्यटन स्थलों के भ्रमण का लुत्फ उठा रहे थे। मगर अब राजस्थान पर्यटन विकास निगम इसमें बदलाव करने जा रहा है। जिसके तहत राजस्थान के मुख्य पर्यटक स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की कवायद में है। इसे लेकर आरटीडीसी के निदेशक मंडल की बैठक हुई।

इस मौके पर ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ की तर्ज पर ही सूबे में आने वाले टूरिस्टों के लिए हेलीकॉप्टर टैक्सी सर्विस शुरू करने का फैसला किया गया। इसके पीछे निगम का तर्क ये है कि उड़न खटोले में बैठकर टूरिस्ट राजस्थान का भ्रमण कर सकेंगे। जिससे उनका समय बचेगा व लंबे सफर की परेशानी भी कम होगी। इसके अलावा बैठक में आरटीडीसी की ओर से प्राइवेट टूर ऑपरेटर्स के जैसे पैकेज टूर तैयार करने को लेकर भी चर्चा की गई। जिसमें टूरिस्ट आरटीडीसी की कार में बैठकर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को निहार सकेंगे। बैठक में आरटीडीसी के कर्मियों को प्रमोशन देने का अहम फैसला भी लिया गया।

उड़न खटोले के लिए जल्द होंगे टेंडर

आरटीडीसी के चेयरपर्सन धर्मेंद्र राठौड़ के मुताबिक पर्यटकों के लिए एयर टैक्सी सर्विस जल्द शुरू की जाएगी। जिसमें यहां आने वाले पर्यटक हेलीकॉप्टर के जरिए प्रदेश को निहार सकेंगे। चेयरमैन के मुताबिक हेलीकॉप्टर सर्विस में फिलहाल जयपुर, उदयपुर, सवाईमाधोपुर व पुष्कर समेत प्रदेश के कई प्रमुख पर्यटक स्थलों को शामिल किया जाएगा। आरटीडीसी की ओर से नागरिक उड्डयन विभाग से अनुमति लेने की कवायद आरंभ कर दी गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

‘पहियों पर महल’ को हुआ सवा करोड़ का फायदा

आरटीडीसी अध्यक्ष राठौड़ के मुताबिक निजी टूर ऑपरेटर्स के जैसे पर्यटन विकास निगम अब पैकेज टूर बनाएगा। जिसमें आरटीडीसी की कार में टूरिस्टों को जयपुर सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा। इसके लिए भी प्लान पर काम शुरू कर दिया गया है। अध्यक्ष के मुताबिक ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ ट्रेन समूचे विश्व में पर्यटकों की पसंद बन गई है। यही वजह है कि इसके शुरू होने के बाद चंद महिनों में ही सवा करोड़ रुपए का लाभ हुआ है। आरटीडीसी चेयरमैन के मुताबिक विश्व में 10 रॉयल ट्रेनें हैं, जिनमें से कोविड काल के बाद सिर्फ पैलेस ऑन व्हील का शुरू की गई है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article