जयपुर

Rajasthan Weather: मानसून की धमक से भीगा राजस्थान; राज्य में झमाझम बारिश के साथ कई जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट

Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 23 June जयपुर, जैसलमेर, कोटा और बीकानेर में जाने आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: राजस्थान में चार दिन पहले दस्तक दे चुका मानसून अब राज्य के आधे से अधिक हिस्सों में सक्रिय हो गया है। भारी बारिश के चलते नदियों में जलस्तर बढ़ा है और कुछ क्षेत्रों में यातायात बाधित हुआ है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि यह प्रभाव अब धीरे-धीरे पश्चिमी हिस्सों की ओर भी बढ़ेगा।

Image

राजस्थान में आज का मौसम

Photo : Times Now Digital

Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 23 June 2025: राजस्थान में मानसून की दस्तक को चार दिन हो चुके हैं और अब तक यह प्रदेश के आधे से अधिक हिस्से में सक्रिय हो चुका है। तेज बारिश के कारण कई नदियों में जलस्तर बढ़ गया है। जयपुर, कोटा, टोंक, सवाई माधोपुर, बारां और सिरोही में रविवार को कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई, जबकि उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

भीलवाड़ा में कोठारी नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा, वहीं सिरोही में दिल्ली-गुजरात नेशनल हाईवे पर जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ। बूंदी जिले के भीमलत क्षेत्र में एक युवक नाले को पार करते समय बाइक समेत बह गया, हालांकि स्थानीय लोगों ने समय रहते उसे बचा लिया। मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क बना रहा। श्रीगंगानगर में सर्वाधिक तापमान 42.9°C और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 17.0°C दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश इलाकों में हवा में आर्द्रता 50% से 90% के बीच रही। मानसून का यह प्रभाव अब धीरे-धीरे पश्चिमी राजस्थान की ओर भी बढ़ने की संभावना है।

राजस्थान के इन जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, टोंक, बूंदी, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, बारां, झालावाड़ जिलों और आसपास के इलाकों में मेघगर्जन के साथ थमती-रुकती बरसात की संभावना है। इसके साथ ही यहां आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जयपुर, अजमेर, दौसा, झुंझुनू, चूरू, सीकर, नागौर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, राजसमंद, पाली जिलों के साथ आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बरसात के साथ आकाशीय बिजली की संभावना है। ऐसे में यहां पर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आने वाले दिनों का मौसम

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के ऊपर आज कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव से 23 और 24 जून को पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। विशेष रूप से कोटा, भरतपुर और जयपुर संभागों में कुछ स्थानों पर बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। साथ ही, 25 से 27 जून के बीच पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में लगातार बनने वाले वेदर सिस्टम्स के कारण पूर्वी राजस्थान में 27 जून से फिर से भारी बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article