RajasthanKota Bundi flood: राजस्थान में भारी बारिश के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। कोटा और बूंदी समेत कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की मदद के लिए एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर तैनात किया गया है। साथ ही भारतीय वायुसेना और अधिक उड़ानों के लिए तैयार है। सेना और एनडीआरएफ भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
कई गांवों का टूटा संपर्क
राजस्थान के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।पूर्वी राजस्थान में सबसे अधिक बारिश हुई है और निचले इलाकों में पानी भर जाने से सड़क एवं रेल संपर्क बाधित हो गया है तथा जलभराव के कारण कई गांवों में संपर्क टूट गया है। कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर और टोंक में बाढ़ जैसी स्थिति है।
अधिकारियों ने बताया कि कोटा और बूंदी इलाकों में बाढ़ प्रभावित लोगों को सहायता पहुंचाने के लिए एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना को मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) कार्यों के लिए और उड़ानें भरने के लिए तैयार रखा गया है।
भारतीय सेना और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने शुक्रवार को कोटा में राहत अभियान चलाया जबकि राज्य आपदा मोचन बल के दलों ने बारिश प्रभावित अन्य इलाकों से लोगों को निकाला।
(इनपुट - भाषा)
