जयपुर

जैसलमेर बॉर्डर पर युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी; पाक सिम और आईडी ने बढ़ाई हलचल, जांच जारी

Jaisalmer News Today (जैसलमेर की खबर ): राजस्थान के जैसलमेर जिले में भारत-पाक सीमा के पास दो रहस्यमय शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मौके से मिला पाकिस्तानी सिम और आईडी मामले को और संवेदनशील बना रहे हैं। पुलिस, बीएसएफ और खुफिया एजेंसियां सभी ऐंगल से जांच में जुटी हैं।

Image

जैसलमेर बॉर्डर (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर जिले के साधेवाला क्षेत्र में भारत-पाक सीमा से लगभग 10-12 किलोमीटर भीतर दो शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतकों में एक 18 वर्षीय युवक और लगभग 15 वर्षीय नाबालिग लड़की शामिल हैं। दोनों शवों की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि ये करीब 7 दिन पुराने हो सकते हैं। मौके से एक पाकिस्तानी सिम कार्ड और आईडी बरामद हुआ है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है। युवक की पहचान रवि कुमार (उम्र 18 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि लड़की की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। दोनों भारत के थे या पाकिस्तान के, इसको लेकर जांच जारी है।

शवों को रामगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में भेज दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद मौत की असली वजह सामने आएगी। शुरुआती जांच में किसी प्रकार का हथियार या ज़हर नहीं मिला है। घटना की गंभीरता को देखते हुए तनोट पुलिस, जैसलमेर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम जांच में जुटी है। पाक सिम और आईडी मिलने के बाद खुफिया एजेंसियों की सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।

एसपी सुधीर चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह बेहद संवेदनशील घटना है और हर संभावित ऐंगल से जांच की जा रही है। स्थानीय गांवों में भी पूछताछ की जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है क्या यह सीमा पार प्रेम का मामला है या फिर कोई गहरी साजिश? क्या यह घुसपैठ से जुड़ा मामला है या फिर कुछ और? जवाब आने वाली जांच से मिल सकते हैं।

जैसलमेर बॉर्डर के पास दो शव मिलने के मामले में एक अपडेट सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, मृतक लड़के का नाम रवि कुमार, पिता का नाम दीवान जी और लड़की का नाम शांति बाई, पिता का नाम गुलो जी दर्ज किया गया है। शवों के पास से एक मोबाइल फोन और पाकिस्तान सीमा कार्ड भी बरामद हुआ है, जिसे लेकर पुलिस डिजिटल फॉरेंसिक जांच कर रही है। साथ ही एक एंगल यह भी सामने आया है कि मृत नाबालिग लड़की का पहनावा हिंदू है, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि क्या ये दोनों पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी थे या पाकिस्तानी नागरिक थे। इस दिशा में जांच तेज कर दी गई है और पुलिस द्वारा पाकिस्तान से विस्थापित शरणार्थियों की बस्ती में पूछताछ की संभावना भी जताई जा रही है, ताकि मृतकों के परिजनों का पता लगाया जा सके।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article