Jaipur : राजस्थान के लोगों को आने वाले नए साल में केंद्र सरकार एक तोहफा देने जा रही है। जिसमें देश का दूसरा सबसे बड़ा कॉरिडोर पंजाब के अमृतसर शहर से गुजरात के जामनगर तक होगा। बता दें कि 1257 किलोमीटर के इस 6 लेन एक्सप्रेस वे का करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। जिसमें राजस्थान में करीब 637 किमी लंबे एनएच में से काफी कार्य पूरा हो गया है। इस ग्रीम कॉरिडोर की खास बात ये है कि इसके बनने के बाद देश के चार राज्य पंजाब, हरियाणा राजस्थान व गुजरात सीधे तौर पर आपस में जुड़ जाएंगे।
अगर वर्तमान की बात करें तो फिलहाल इस दूरी को तय करने में वाहन धारकों को अभी 28 घंटे लगते हैं। कॉरिडोर शुरू होने के बाद यह दूरी घट कर महज 15 घंटे रह जाएगी। वहीं 6 लेन हाईवे बनने के बाद 200 किमी दूरी भी घट जाएगी। इसकी एक और खासियत ये रहेगी हाईवे पर वाहनों की स्पीड 100 से 120 किमी की होगी। ब्रेकलैस स्पीड से वाहन हवा से बातें करेंगे। जानकारी के मुताबिक 6 लेन एक्सप्रेस की यह परियोजना सितंबर 2023 तक पूरी की जाएगी। इस पर 26 इंटरचेंज बनाए जा रहे हैं, वहीं आने वाले समय में इस पर हेलीपैड बनना भी प्रस्तावित है।
