जयपुर

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे भीषण सड़क हादसा, पुलिस वैन को टक्कर मारने के बाद आग का गोला बनी कार, 7 पुलिसकर्मी समेत 14 घायल

Alwar Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कार ने पुलिस वैन को टक्कर मार दी, जिसके बाद कार में आग लग गई। कार में सवार लोगों ने किसी तरह कूदर जान बचाई। बता दें कि पुलिस वैन और कार में सवार कुल 14 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Alwar Accident: राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। यहां तेज रफ्तार कार ने पुलिस वैन को पीछे से टक्कर मार दी। दोनों वाहनों के बीच हुई भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि टक्कर मारने वाली कार में आग लग गई और गाड़ी देखते ही देखते जलकर राख हो गई। इस हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं, जिसमें से 7 पुलिसकर्मी और 4 बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।

पुलिसकर्मी एक मुल्जिम को लेने के लिए डीग जिले से दौसा जा थे।

पुलिस चौकी प्रभारी इलियास खान ने बताया कि डीग जिले से 7 पुलिसकर्मी एक मुल्जिम को लेने के लिए दौसा जा रहे थे, तभी दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर पिनान के पास वह हादसे का शिकार हो गए। अधिकारी ने बताया कि पुलिस वैन को पीछे से आई तेज रफ्तार एक कार ने टक्कर मार दी। पुलिस की गाड़ी में 7 पुलिसकर्मी सवार थे। जबकि दूसरी गाड़ी में चार बच्चे सहित 7 लोग थे।

इस हादसे में दोनों गाड़ियों में सवार सभी 14 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। पुलिस वैन को टक्कर मारने वाली गाड़ी में तुरंत आग लग गई। गाड़ी में सवार लोगों ने किसी तरह से कूद कर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल अधिकारी मौके पर पहुंचे और एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

कांस्टेबल की हालत गंभीर

पुलिस अधिकारी ने बताया की पुलिस वैन में सवार कांस्टेबल विकास के सिर पर चोट आई है। वह गंभीर रूप से घायल है और उन्हें इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। अधिकारी ने कहा कि कांस्टेबल के अलावा वैन में रिंकू, शिव सिंह, सरदार सिंह, दुलीचंद, लोकेश, लक्ष्मण कांस्टेबल घायल है। सभी का अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में इलाज जारी है। जबकि दूसरी गाड़ी में भी साथ लोग सवार थे। इसमें चार बच्चे, दो महिलाएं व एक ड्राइवर था। उनको भी गंभीर चोटें आई हैं। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। इन सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article