Rajasthan Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: राजस्थान में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां मॉनसून मेहरबान बना हुआ है, और लगातार बारिश का दौर जारी है। वहीं दूसरी ओर उत्तरी और पश्चिमी राजस्थान के कई जिले गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। आज भी बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
राजस्थान में आज बीकानेर और हनुमानगढ़ को छोड़कर सभी जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें कोटा, झालावाड़, बूंदी, भीलवाड़ा, पाली, उदयपुर, जालौर, चित्तौड़गढ़ और राजसमंद जिले शामिल हैं। इसके अलावा 4 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में बांसवाड़ा, सिरोही, प्रतापगढ़ और डूंगरपुर शामिल हैं। मौसम विभाग ने कल यानी 18 जुलाई को भी प्रदेश के कई इलाकों में अति भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
फिर से शुरू हुआ बारिश का दौर
राजस्थान में पिछले 3-4 दिनों से मौसम थोड़ा सुस्त बना है। लेकिन मॉनसून की ट्रफ लाइन में बदलाव के कारण प्रदेश में बारिश का दौर फिर से शुरू हो गया है। मंगलवार को जयपुर, उदयपुर, अलवर, झालावाड़, सीकर, डूंगरपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। राजस्थान में सबसे अधिक बारिश झालावाड़ में हुई। यहां 52 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जयपुर के जोबनेर में 22 मिमी, सीकर के नीमकाथाना में 22 मिमी, प्रतापगढ़ के दलोत में 20 मिमी अलवर के बानसूर में 17 मिमी, धौलपुर में 8 मिमी और डूंगरपुर के बिछीवाड़ा में 6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
6 जिलों में रही उमस भरी गर्मी
मंगलवार को राजस्थान के 6 जिलों में उमस भरी गर्मी ने खूब परेशान किया। बीते दिन सबसे अधिक तापमान जैसलमेर का 43.5 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा फलौदी का 42.8 डिग्री, बाड़मेर का 41.2 डिग्री, बीकानेर का 40 डिग्री, जोधपुर का 39.8 डिग्री और गंगानगर का 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
