Sikar News: सीकर जिले के दातारामगढ़ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 9 साल की प्राची कुमावत की संदिग्ध हार्ट अटैक से मौत हो गई। प्राची चौथी कक्षा की छात्रा थी और दातारामगढ़ के उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर में पढ़ती थी। घटना उस समय हुई जब स्कूल में इंटरवल के दौरान वह टिफिन खोल रही थी। तभी अचानक वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी और उसका टिफिन बिखर गया।
शोर सुनकर क्लास में मौजूद अन्य बच्चों ने टीचर को सूचना दी जिसके बाद स्टाफ ने तुरंत बच्ची को संभाला और प्राथमिक इलाज के लिए उसे दातारामगढ़ सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बेहोशी की हालत में भर्ती किया और प्राथमिक उपचार के बाद हालत थोड़ी सामान्य बताई। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सीकर रेफर कर दिया गया।
दुर्भाग्यवश, सीकर ले जाते समय रास्ते में ही प्राची की मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक उसे कार्डियक अरेस्ट आया था, जिससे उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। स्कूल प्रिंसिपल नंदकिशोर से मिली जानकारी के मुताबिक, प्राची भोमियाजी की ढाणी निवासी पप्पू कुमार की बेटी थी। इस दुखद घटना से स्कूल और परिजनों दोनों में शोक की लहर है।
