शहर

Aaj Ka Mausam: देश में मौसम का डबल अटैक, कहीं गर्मी से उबल रही धरती, कहीं बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मार्च में ही तेज गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालयी राज्यों और बिहार समेत 14 राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। दिल्ली-एनसीआर और यूपी में भी आने वाले दिनों में मौसम बदलने के आसार हैं।

Image

आज का मौसम

Aaj Ka Mausam (आज का मौसम, 11 मार्च): देश में एक ओर गर्मी तेजी से पैर पसार रही है। कई राज्यों में हीटवेव जैसी स्थिति भी देखने को मिल रही है। वहीं दूसरी ओर बारिश और बर्फबारी का मौसम बना हुआ है। दिल्ली, यूपी, राजस्थान, महाराष्ट्र जैसे कई जिलों में तेज गर्मी पड़ने लगी है। साथ ही तापमान भी लगातार ऊपर चढ़ रहा है। राजस्थान में 40 डिग्री के करीब तापमान पहुंच चुका है। आज कई हिस्सों में हीटवेव भी दर्ज होने की भी संभावना है। वहीं उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है, जिसके प्रभाव से आने वाले दिनों में कई राज्यों के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने बिहार समेत 14 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

दिल्ली-NCR में आज का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। बादलों की आवाजाही के चलते धूप की लुका-छिपी देखने को मिल सकती है। हालांकि इससे गर्मी पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा। दिन में तेज धूप के चलते चिलचिलाती गर्मी परेशान कर सकती है। राजधानी में तापमान भी बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। फिलहाल राजधानी में अगले 5 दिन तक बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है।

राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं हीटवेव चलने के आसार हैं। 14-15 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। जिसके प्रभाव से राज्य में कहीं-कहीं आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही बिजली चमकने के भी आसार हैं। 12 मार्च से तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। फिलहाल राजस्थान में अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर चुका है। पिछले 24 घंटे में सबसे गर्म जिला बाड़मेर रहा, यहां का अधिकतम तापमान में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल का मौसम

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में मिला-जुला मौसम देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 10 से 16 मार्च के बीच इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। साथ ही तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी दर्ज की जा सकती है। जम्मू-कश्मीर में बुधवार को कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है।

यूपी में आज मौसम का हाल

यूपी में आज मौसम साफ रहने के आसार हैं। जिसके कारण दिन में तेज धूप और गर्मी परेशान कर सकती है। राज्य में अधिकतम तापमान भी 38 डिग्री के पार पहुंच चुका है। रात के समय भी मौसम से ठंडक गायब होती जा रही है और न्यूनतम तापमान भी ऊपर चढ़ रहा है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यूपी के मौसम में भी आने वाले दिनों में बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च को उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में बारिश के आसार

उत्तराखंड में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर मौसम पर देखने को मिलेगा। जिसके चलते इस पूरे हफ्ते मौसम बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं। हालांकि मैदानी हिस्सों में अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

पंजाब-हरियाणा में बारिश होगी या नहीं

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का प्रभाव पंजाब और हरियाणा के मौसम पर देखने को नहीं मिलेगा। इन राज्यों में मौसम साफ बना हुआ है। तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। जिस कारण दिन में तेज गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ ही बना रहेगा। जल्द ही इन राज्यों में लू चलने की भी संभावना है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

IMD के अनुसार, 16 मार्च तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश राजस्थान, झारखंड, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम और उत्तर प्रदेश 14 राज्यों में हल्की से भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
Pooja Kumari author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article