शहर

IMD के आंकड़े में ही हो गया झोल, दिल्ली में जितना दावा किया गया उतनी बारिश हुई ही नहीं

दिल्ली में अगस्त की बारिश को लेकर IMD के आंकड़ों में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। मौसम विभाग कहा था कि पहले 10 दिन में ही पूरे महीने की औसत से ज्यादा बारिश हो चुकी है, फिर अगले ही दिन आंकड़ा संशोधित कर दिया।

Image

IMD ने दिल्ली में बारिश के गलत आंकड़े जारी करने के बाद सुधारे

Delhi Rainfall: दिल्ली में अगस्त की बारिश को लेकर भारत मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। मौसम विभाग ने सोमवार को दावा किया था कि राजधानी में अगस्त के पहले 10 दिनों में 234.5 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो पूरे महीने के सामान्य औसत 233.1 मिमी से ज्यादा है। हालांकि, इसके अगले ही दिन IMD ने इस आंकड़े को संशोधित कर 197.2 मिमी कर दिया।

IMD ने बाद में साफ किया कि सोमवार को जारी किया गया संचयी बारिश का आंकड़ा गलत था। विभाग के मुताबिक, दिल्ली अभी अगस्त के सामान्य बारिश के आंकड़े से करीब 36 मिमी पीछे है। IMD के एक अधिकारी ने बताया कि 197.2 मिमी ही सही आंकड़ा है, जिसे अब विभाग की वेबसाइट पर दिखाया जा रहा है।

आंकड़ों की जांच में सामने आया कि 5 अगस्त सुबह 8.30 बजे से 6 अगस्त सुबह 8.30 बजे के बीच सफदरजंग में बारिश की मात्रा पहले 56 मिमी रिकॉर्ड की गई थी। बाद में इसे संशोधित कर 18.7 मिमी कर दिया गया। दोनों आंकड़ों में 37.3 मिमी का अंतर है, जो सोमवार और मंगलवार को जारी किए गए अगस्त के संचयी आंकड़ों के बीच अंतर के लगभग बराबर है।

दिल्ली के मौसम पूर्वानुमान को लेकर भी IMD की भविष्यवाणी और वास्तविक बारिश में बड़ा अंतर देखने को मिला है। मंगलवार दोपहर 2.30 बजे मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया था।

हालांकि, शाम 5.30 बजे तक सफदरजंग में सिर्फ 4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। दिल्ली रिज में 3.7 मिमी, जबकि मयूर विहार और पूसा में 3-3 MM बारिश हुई। छतरपुर और नारायणा में 2-2 मिमी तथा अयानगर में 1.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। पुष्प विहार में इस दौरान बारिश नहीं हुई। IMD आज यानी गुरुवार 13 अगस्त को भी दिल्ली में बहुत हल्की से हल्की बारिश का अनुमान जताया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article