Maharashtra News: महाराष्ट्र के धुले जिले में पाकिस्तान निर्मित कॉस्मेटिक उत्पाद बेचने के आरोप में दो व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने संबंधित सामान को जब्त कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि बरामद किए गए उत्पादों के लिए कोई वैध या आधिकारिक बिल उपलब्ध नहीं था। यह कार्रवाई स्थानीय क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्रांच की टीम द्वारा की गई।
कई तरह के कॉस्मेटिक्स जब्त
एलसीबी टीम ने धुले में कार्रवाई करते हुए कैलाश देवानंद नानकानी की जय शंकर मार्केट स्थित ‘श्री साईं ट्रेडर्स’ से 30,063 रुपये मूल्य के कॉस्मेटिक उत्पाद बरामद किए। इसके अलावा, नेशनल हाई स्कूल के पीछे स्थित पब्लिक मार्केट में ‘बिग बाजार’ नामक दुकान, जिसे फजलू रहमान मोहम्मद सलीम अंसारी संचालित करते हैं, वहां से 31,411 रुपये के विभिन्न प्रकार के कॉस्मेटिक्स जब्त किए गए।
दोनों व्यापारियों के खिलाफ केस दर्ज
दोनों स्थानों पर हुई छापेमारी के दौरान एलसीबी टीम ने कुल 61,474 रुपये मूल्य के विभिन्न कॉस्मेटिक उत्पाद जब्त किए। इस मामले में दोनों व्यापारियों कैलाश देवानंद नानकानी और फजलू रहमान मोहम्मद सलीम अंसारी के खिलाफ फॉरेन ट्रेड एक्ट 1992 की धारा 3(3) और 11(2), बीएनएस की धारा 318/4 व 223 तथा मेडिसिन्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 की धारा 18(A) और 27 के तहत चालीसगांव और धुले सिटी पुलिस थानों में केस दर्ज किया गया।
इससे पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे पहले छत्रपति संभाजीनगर में पुलिस ने ‘मेड इन पाकिस्तान’ ब्यूटी प्रोडक्ट्स की अवैध बिक्री पर सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सिटी चौक थाना क्षेत्र में करीब 60 हजार रुपये के पाकिस्तानी कॉस्मेटिक्स जब्त किए गए हैं। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें अदालत ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि शाहगंज, घासमंडी और सिटी सेंटर मॉल इलाके में कुछ दुकानदार केंद्र सरकार द्वारा प्रतिबंधित पाकिस्तानी उत्पादों की खुलेआम बिक्री कर रहे हैं। इस संबंध में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने भी पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद सिटी चौक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन दुकानों पर एक साथ छापेमारी की।
