शहर

जालौन में IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही पर हिंसा का आरोप, थप्पड़ और धक्का-मुक्की के वीडियो ने बढ़ाई प्रशासनिक हलचल

जालौन में IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं, जहां उन पर भाजपा के ब्लॉक प्रमुख के साथ मारपीट के गंभीर आरोप लगे हैं। इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर धक्का-मुक्की और थप्पड़ मारने की बात कही जा रही है।

Image

फिर चर्चा में आए IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

IAS Rinku Singh Rahi: यूपी के जालौन में IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही एक बार फिर चर्चाओं में घिर गए हैं। आरोप है कि उन्होंने भाजपा के ब्लॉक प्रमुख के साथ मारपीट की। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर IAS अधिकारी द्वारा ब्लॉक प्रमुख को थप्पड़ मारते और धक्का-मुक्की करते हुए देखा गया है।

अभद्र व्यवहार भी किया गया

घटना के बाद जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने आरोप लगाया है कि उनके साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि अभद्र व्यवहार भी किया गया। उन्होंने इस मामले से जुड़ा CCTV फुटेज जिलाधिकारी को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

5 सदस्यीय जांच समिति का गठन

बताया जा रहा है कि यह घटना 23 जून की है और मामला जालौन नगर के बेतवा कोल्ड स्टोरेज से जुड़ा हुआ है। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 5 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। समिति की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रपति को भेजा था इस्तीफा

वहीं इससे पहले IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही ने हाल ही में राष्ट्रपति को अपना तकनीकी इस्तीफा भेजा था। उस समय वे राजस्व परिषद में सदस्य के पद पर कार्यरत थे। उनका कहना था कि उन्हें कार्य करने के पर्याप्त अवसर नहीं दिए जा रहे हैं, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि कुछ समय बाद उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया। इस्तीफा वापस लेते समय उन्होंने राष्ट्रपति को एक पत्र भेजकर कुछ शर्तें भी रखीं, जिनमें “ काम नहीं तो वेतन नहीं” की मांग के साथ-साथ उन्हें उनके पुराने पद यानी जिला समाज कल्याण अधिकारी के रूप में वापस तैनात करने की बात शामिल थी।

2023 में मिली यूपीएससी एग्जाम में सफलता

बता दें कि अलीगढ़ के निवासी रिंकू सिंह ने वर्ष 2004 में यूपीपीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर जिला समाज कल्याण अधिकारी के रूप में अपनी सरकारी सेवा की शुरुआत की थी। नौकरी के दौरान भी वे लगातार सिविल सेवा की तैयारी में लगे रहे। इसके बाद उन्होंने 2023 में यूपीएससी परीक्षा सफलतापूर्वक पास की। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद वर्ष 2025 में उन्हें शाहजहांपुर में एसडीएम के पद पर तैनात किया गया। हालांकि, बाद में वकीलों के साथ हुए विवाद के चलते उन्हें वहां से हटाकर राजस्व परिषद में अटैच कर दिया गया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article