Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के दनकौर मंझावली पुल के पास दनकौर कोतवाली क्षेत्र में बन्द पड़े रास्ते पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के फरीदाबाद निवासी अस्पताल मैनेजर की मौत हो गई। बताया जा रहा है की घटना रविवार की देर रात हुई। जबकि सोमवार की सुबह दनकौर पुलिस को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने घायल को ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने इस संबंध में मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
अस्पताल में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे अतुल
जानकारी के मुताबिक, 45 वर्षीय अतुल कुमार जोशी जो फरीदाबाद के एनआईटी-1 क्षेत्र के रहने वाले थे। बताया जाता है कि वह एक आई केयर अस्पताल में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। जो रविवार रात अपनी बाइक से मंझावली पुल के रास्ते ग्रेटर नोएडा की ओर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार पुल के आगे सड़क निर्माण कार्य अभी अधूरा है। रात के अंधेरे में उन्हें आगे के रास्ते का अंदाजा नहीं हुआ की आगे रास्ता बन्द है और इसी दौरान उनकी बाइक सीधे एक गड्ढे में जा गिरी।
राहगीरों और स्थानीय लोगों को हुई घटना की जानकारी
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सोमवार सुबह राहगीरों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दनकौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बाद में उन्हें ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिकायत मिलने पर होगी जांच
पुलिस का कहना है कि मंझावली पुल से ग्रेटर नोएडा जाने के लिए अगर किसी नेविगेशन ऐप पर मार्ग खोजा जाए, तो वह रास्ता सीधे दनकौर की ओर जाता हुआ दिखाई देता है। हालांकि, वास्तविक स्थिति में आगे का मार्ग बंद है, लेकिन डिजिटल मैप पर यह रास्ता अब भी खुला और चालू दिख रहा है। दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में शिकायत मिलने पर जांच करने की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
