शहर

प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा था बैंक मैनेजर, परिजनों ने इमली के पेड़ से बांधकर पीट-पीटकर मार डाला

Gujrat Murder: रणजीत का थागणा गांव की एक युवती के साथ पिछले करीब दो सालों से प्रेम संबंध था। वह अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव गया था, जहां लड़की के परिजनों ने इमली के पेड़ से बांधकर उसे लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला।

Image

प्रेम-प्रसंग में बैंक मैनेजर की हत्या (फोटो साभार- TNN)

Gujrat Murder: गुजरात के मेहसाणा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां प्रेम प्रसंग के चलते एक 31 साल के बैंक मैनेजर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव गया था, जहां लड़की के परिजनों ने उसे पकड़कर इमली के पेड़ से बांध दिया और डंडों से पीट-पीटकर मार डाला।

प्रेम-प्रसंग में बैंक मैनेजर की हत्या

यह घटना खेरालु तालुका के थागणा गांव की है। मृतक की पहचान रणजीतजी चतुरजी ठाकोर (31) के रूप में हुई है। वह पाटण जिले के वाघरोल गांव का रहने वाला था और सिद्धपुर में एक निजी बैंक में क्रेडिट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। मेहसाणा के एसपी हिमांशु सोलंकी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि युवक देर रात अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, जिसके बाद उसके परिवार वालों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को राउंडअप कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

FIR के मुताबिक, रणजीत का थागणा गांव की एक युवती के साथ पिछले करीब दो सालों से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते के बारे में दोनों परिवारों को जानकारी थी। 27 अक्टूबर को रणजीत रोज की तरह सुबह 9 बजे बाइक से ऑफिस के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। रात करीब 11:42 बजे जब उसकी मां ने फोन किया तो उसने कहा कि घर आने में देर होगी। 28 अक्टूबर की सुबह करीब 3:30 बजे रणजीत के परिवार को सूचना मिली कि उसे थागणा गांव में पकड़ लिया गया है।

प्रेमिका के घरवालों ने मिलकर उतारा मौत के घाट

आरोप है कि प्रेमिका के परिवार वालों ने उसे पकड़कर घर के पास लगे इमली के पेड़ से हाथ-पैर बांध दिए और लाठियों-डंडों से बेरहमी से पीटा। एक अन्य रिश्तेदार को भी बुलाकर मारपीट करवाई गई। हालत बिगड़ने पर उसे खाट पर लिटा दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सुबह जब रणजीत के पिता और अन्य परिजन दो गाड़ियों से थागणा पहुंचे तो उन्होंने एक मकान के पास इमली के पेड़ के नीचे लोहे की खाट पर बोरे से ढका हुआ शव पड़ा देखा। शव पर पीठ, गर्दन, कमर और घुटनों पर गंभीर चोटों के निशान थे।

डेढ़ तोले की सोने की चेन भी गायब

परिवार ने बताया कि रणजीत के गले में पहनी डेढ़ तोले की सोने की चेन भी गायब थी। इस मामले में प्रेमिका की मां, उसके भाई, चाचा और एक अन्य रिश्तेदार को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और सभी एंगल से जांच शुरू कर दी है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!