शहर

Himachal Pradesh: नालागढ़ में पुलिस स्टेशन के पास जोरदार ब्लास्ट; इमारतों के शीशे टूटे, जांच जारी

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में गुरुवार सुबह थाने के पास एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास की इमारतों के शीशे 45 मीटर तक टूट गए। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संभावित कारणों की समीक्षा कर रही है।

Image

धमाके बाद खिड़कियों के शीशे टूटे

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के नालागढ़ में वीरवार को थाने के पास जबरदस्त धमाका हुआ जिससे करीब 45 मीटर तक इमारतों के शीशे टूट गए। गनीमत रही कि इस धमाके में कोई हताहत नहीं हुआ।नए साल के पहले दिन हुए धमाके को लेकर प्रदेश भर में दहशत का माहौल बना हुआ है। धमाका कैसे हुआ है? इसको लेकर फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। वहीं धमाके के कारण नालागढ़ पुलिस थाना के आईओ रूम और आर्मी कैंटीन और साथ लगते कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा है।

सुबह इतने बजे हुई घटना

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने पुलिस टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया और घटना की जांच के उचित दिशा निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से इस मामले की जांच कर रही है। एसपी धीमान ने कहा है कि यह घटना वीरवार सुबह 9:40 के आसपास हुई है जिस कारण नालागढ़ पुलिस थाना का आईओ रूम को नुकसान पहुंचा है, वही आर्मी कैंटीन और साथ लगते घरों को भी नुकसान हुआ है।

मामले की जांच जारी

एसपी धीमान ने कहा कि घटना के कारण क्या रहे हैं इसका अभी तक पता नहीं लग पाया है लेकिन पुलिस ने मौके से सैंपल ले लिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है यदि किसी व्यक्ति ने शरारत की है तो उसको लेकर पुलिस कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि धमाके को लेकर बद्दी पुलिस को किसी भी तरह का ईमेल या फिर थ्रेटनिंग मैसेज नहीं पहुंचा है लेकिन पुलिस हर पहलू से इस मामले में जांच कर रही है।

एसपी धीमान ने और क्या बताया?

एसपी धीमान ने बताया कि कि केमिकल के कारण भी यहां पर धमाका हो सकता है क्योंकि इस क्षेत्र में स्क्रैप और वेस्ट मटेरियल भी रहता है क्योंकि बीते दिनों भी नालागढ़ थाना के अंतर्गत केमिकल के कारण एक धमाका देखने को मिला था। उन्होंने कहा कि इसको लेकर पुलिस जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्क्रैप डीलरों से भी सावधानी बरतने की बात हमेशा की जाती है इसको लेकर थाना चौकियों से भी उन्हें निर्देश जारी होते हैं। उन्होंने कहा कि अभी प्राथमिक तौर पर कुछ भी कहना मुश्किल है क्योंकि एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी फिलहाल पुलिस हर तरह से इस मामले में नजर बनाए हुए हैं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!