Hamirpur Sujanpur Beas River Accident: हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर अंतर्गत सुजानपुर पुल के समीप सेल्फी लेने का खतरनाक शौक एक युवती के लिए जानलेवा साबित होते-होते बचा। मोबाइल से सेल्फी खींचने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने और पैर फिसलने से युवती कई फीट नीचे ब्यास नदी के किनारे घनी झाड़ियों में जा गिरी। घटना के तुरंत बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवती को सकुशल बाहर निकाल लिया।
झाड़ियों में अटकी जान
घटना की सूचना मिलते ही सुजानपुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई शुरू की। दोनों विभागों की टीमों ने रस्सियों और सुरक्षा उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद युवती तक पहुंच बनाई। रेस्क्यू अभियान के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने भी राहत कार्य में पुलिस टीम की मदद की। गनीमत यह रही कि युवती सीधे ब्यास नदी के तेज बहाव में गिरने के बजाय किनारे उगी घनी झाड़ियों में फंस गई, जिससे उसकी जान बच गई।
पुलिस प्रशासन की अपील
घटना की पुष्टि करते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों के लिए चेतावनी जारी की है। पुलिस ने नागरिकों और युवाओं से अपील की है कि नदियों, पुलों, ऊंचे ढाबों और भूस्खलन वाले जोखिम भरे स्थानों पर सेल्फी लेने या फोटोग्राफी करने से बचें। जरा सी लापरवाही या ध्यान भटकना जीवन के लिए घातक सिद्ध हो सकता है, इसलिए नदी तटों के पास विशेष सतर्कता बरतें।
वहीं, बात हिमाचल के मौसम की करें तो आज तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 4 से 9 अगस्त के दौरान व्यापक स्तर पर बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली कड़कने के साथ करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी व निचले इलाकों में जलजमाव और भूस्खलन को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
