शहर

अजमेर में भारी बारिश से मकान ढहा, एक परिवार के तीन लोग मलबे में दबे

अजमेर के किशनगढ़ स्थित आजाद नगर हरिजन बस्ती में देर रात भारी बारिश के चलते एक मकान ढह गया। मलबे में दबे एक ही परिवार के तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

अजमेर में बारिश के बीच मकान गिरा

Photo : ANI

Ajmer House Collapse: राजस्थान के अजमेर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। किशनगढ़ के आजाद नगर हरिजन बस्ती में देर रात तेज बारिश के कारण अचानक एक मकान ढह गया। इस हादसे में घर के अंदर मौजूद एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पहाड़ी पर बना था मकान

मदनगंज थाना के एएसआई सत्येंद्र सिंह ने बताया कि रात करीब 2 बजे सूचना मिली कि हरिजन बस्ती में एक मकान गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, यह मकान पहाड़ी इलाके में बना हुआ था। लगातार बारिश के कारण जमीन कमजोर होने की वजह से मकान भरभराकर गिर गया। जिससे मलबे के नीचे तीन लोग फंस गए थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।

स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान राहुल, उसकी पत्नी सपना और उसके बेटे के रूप में हुई है। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई उचित समझे जाने पर की जाएगी। इस घटना को प्रशासन ने बारिश से जुड़ी प्राकृतिक घटना बताया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article