शहर

कोलकाता में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जलभराव और ट्रैफिक जाम ने बढ़ाई मुश्किलें; IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट

कोलकाता और आसपास के इलाकों में रविवार को हुई भारी बारिश ने उमस से राहत तो दी, लेकिन कई क्षेत्रों में गंभीर जलभराव और यातायात की समस्या पैदा कर दी। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

Image

कोलकाता में मौसम बना आफत (फोटो- ANI)

Photo : ANI

Kolkata Rain: कोलकाता और आसपास के इलाकों में रविवार को हुई भारी बारिश से उमस भरे मौसम से राहत मिली, लेकिन राज्य की राजधानी के कई हिस्सों में गंभीर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। बारिश के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होने से नीट की पुनर्परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जा रही है।

कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। स्थानीय मौसम कार्यालय ने कहा, "मानसून राज्य में आगे बढ़ चुका है और व्यापक वर्षा के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। समुद्र से भारी मात्रा में नमी का आना भी उत्तर और दक्षिण बंगाल दोनों क्षेत्रों में बारिश लाने वाली प्रणालियों को मजबूत कर रहा है।" हालांकि, मानसून के आगमन के बावजूद शनिवार को दक्षिण बंगाल के कई हिस्से अपेक्षाकृत शुष्क रहे थे, लेकिन रविवार को वर्षा गतिविधियों में तेजी आई।

रेड से लेकर ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इन जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश होने की आशंका है। उत्तर बंगाल में स्थिति अधिक गंभीर रहने की संभावना है, जहां मानसूनी गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कूचबिहार जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जहां भारी बारिश होने का अनुमान है।

इस हफ्ते होगी भारी बारिश

मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर क्षेत्र के कुछ हिस्सों में इस हफ्ते के दौरान भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि सोमवार को वर्षा के स्वरूप में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। सोमवार को जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर 'ऑरेंज अलर्ट' प्रभावी रहेगा, जबकि दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कूचबिहार जिलों में भारी बारिश को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी रहेगा। उत्तर बंगाल के अन्य जिलों में भी गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

सोमवार को ऐसा रहेगा मौसम का हाल

दक्षिण बंगाल में सोमवार को हल्की से मध्यम वर्षा और कुछ स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया गया है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, पूर्व बर्धमान और पश्चिम बर्धमान जिलों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि क्षेत्र के कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article